गन्ना किसानों को खेती के लिए प्रोत्साहित कर रही केंद्र सरकार : उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया
-राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (गन्ना) योजना के अंतर्गत की जा रही आर्थिक सहायता प्रदान
-गन्ना किसानों के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत प्रति एकड़ 3200 रुपए अनुदान
-इच्छुक किसान 31 दिसंबर तक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा की वेबसाइट पर कर सकते आवेदन
BOL PANIPAT , 14 दिसंबर।उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया ने बताया कि गन्ना किसानों को खेती के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (गन्ना) योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा द्वारा वर्ष 2025-26 में गन्ने की सिफारिश की गई किस्मों पर इंटरक्रॉपिंग के प्रदर्शन प्लांट लगाने के लिए किसानों को 3200 रूपये प्रति एकड़ अनुदान दिया जाएगा।
जिले के सहायक गन्ना विकास अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत एक किसान अधिकतम दो एकड़ तक अनुदान का लाभ उठा सकता है। यह सहायता गन्ने की बिजाई हेतु आवश्यक इनपुट्स की खरीद के लिए दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इच्छुक किसान 31 दिसंबर तक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा की वेबसाइट www.agriharyana.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना का लाभ लेने के लिए किसान का “मेरी फसल मेरा ब्यौरा” पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है।
डॉ. राजीव कुमार ने किसानों से अपील की कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं दिशा-निर्देश विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। अधिक जानकारी के लिए किसान सहायक गन्ना विकास अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Comments