पानीपत रिफाइनरी ने देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करते हुए बड़े उत्साह के साथ 76वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का किया आयोजन

BOL PANIPAT , 15 अगस्त, 2022, पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) में देशप्रेम की भावना से निहित 76वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन बड़े जोश एवं उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि, एम एल डहरिया, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख (पीआरपीसी) द्वारा मिनी स्मार्ट सिटी में ध्वजारोहण किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत में पीआरपीसी के स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम को कॉर्पोरेट कार्यालय नई दिल्ली के कार्यक्रम के साथ ऑनलाइन सिंक्रनाइज़ (लयबद्ध) किया गया। इस ऑनलाइन सिंक्रनाइज़ (लयबद्ध) कार्यक्रम के द्वारा इंडियन ऑयल के अध्यक्ष एस एम वैद्य के साथ मिलकर डहरिया ने ध्वजारोहण किया और उनके साथ मिलकर सभी ने पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रगान गाया। इसके पश्चात अध्यक्ष का संबोधन प्रसारित किया गया। इस अवसर पर पीआरपीसी के सभी मुख्य-महाप्रबंधकगण, महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ कमांडेंट (सीआईएसएफ), ऑफिसर्स एसोसिएशन व
कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधि, कई गणमान्य अतिथि, भूतपूर्व सरपंच के अलावा बड़ी संख्या में इंडियन ऑयल परिवार के सदस्य व बच्चे भी उपस्थित थे।

इसके पश्चात डहरिया द्वारा परेड का निरीक्षण व उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित किया गया। अपने
संबोधन में उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी । उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि ‘आज़ादी का अमृत महोत्सव’ का अर्थ है स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान करना तथा उनसे प्रेरणा लेना व भारत को पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने के लिए आत्मनिर्भरता का संकल्प लेना। उन्होंने आगे कहा कि आज का दिन हम सब भारतवासियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह दिवस हमें अपने असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों और नायकों को श्रद्धा और सम्मान के साथ स्मरण एवं नमन करने का अवसर प्रदान करता है जिन्होंने भारत की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

उन्होंने सभी से आपील करते हुए कहा कि इस स्वतंत्रता दिवस पर अपने देश और निगम को और अधिक समृद्ध, तकनीकी रूप से उन्नत, आत्मनिर्भर, स्वच्छ और हरित बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करने का संकल्प लें। उन्होंने टीम पीआरपीसी को, प्रतिष्ठित पुरस्कारों को जीतने पर जो ख्याति प्राप्त की है, उसके लिए भी हार्दिक बधाई व्यक्त की क्योंकि यह टीम द्वारा काम के प्रति उनकी दृढ़ता और जुनून को प्रकट करता है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दीर्घ सेवा पुरस्कार तथा प्रतिभा सम्मान एवं सामूहिक उपलब्धि पुरस्कार भी प्रदान किए गए। सीआईएसएफ के जवानों ने स्वयं व डॉग शो के माध्यम से कई साहसी करतब दिखाए। डीपीएस के बच्चों ने राष्ट्रीयता की भावना से ओतप्रोत दो रंगारंग एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी।

आसमान में तिरंगे गुब्बारे उड़ाकर इस मंत्रमुग्ध करने वाले 76वें स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का समापन हुआ

Comments