Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


पीआरपीसी में ऑनसाइट आपदा ड्रिल का अभ्यास सफलतापूर्वक सम्पन्न

By LALIT SHARMA , in Business , at June 26, 2023 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT : 26 जून 2023, पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स (पीआरपीसी) ने विभिन्न विभागों की तैयारियों,  कार्यसाधकता, और दिए गए दिशानिर्देशों के अनुसार आपातकालीन समन्वयकों द्वारा कार्य प्रणाली के सही आंकलन करने हेतु एक ऑनसाइट आपदा ड्रिल (रात्रि के समय) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। 

योजना अनुसार इस ड्रिल मे  प्राइम-जी यूनिट  के अंदर वेस्सेल 301 से नेफ़्था का रिसाव और आग की घटना का परिदृश्य लिया गया था। दिनांक 25 जून की रात्रि 00:24 बजे मेजर एमरजेंसी होने के बाद मे स्थिति की गंभीरता  को  दर्शाते हुए 00:40 बजे आपदा घोषित की गई तथा उसके बाद उससे  होने  वाले खतरे से बचने का गंभीरतापूर्वक अभ्यास किया गया।

आपातकालीन कॉल आते ही फायर स्टेशन से दमकल गाड़ियाँ साइट पर गई और ज्वलनशील पदार्थ के रिसाव और आग पर काबू करने के लिए फायर मॉनिटर और वाटर कर्टन के माध्यम से आपातकाल नियंत्रण कार्य प्रारंभ किया। एम. एल. डहरिया , कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख, पीआरपीसी को इस बारे में सूचना दी गई । उनके द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति का आकलन करके लगभग एक घंटे के अथक प्रयास  के बाद ठीक 01.45 बजे स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण करके स्थिति सामान्य होने की घोषणा की गई। 

इस आपदा ड्रिल के बाद एक समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। इस बैठक में आपातकालीन तैयारी योजना में और सुधार के लिए आपातकालीन समन्वयकों द्वारा दी गई रिपोर्ट की समीक्षा डहरिया तथा संबन्धित वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में की गई। श्री डहरिया ने इस मॉक ड्रिल के सफल आयोजन के लिए सभी की सराहना की तथा इसमें और अधिक सुधार लाने के लिए अपने मूल्यवान सुझाव भी दिए।

Comments