Tuesday, April 28, 2026
Newspaper and Magzine


उपायुक्त ने की डी-प्लान के तहत चल रहे विकास कार्यो की समीक्षा बैठक

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 3, 2022 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT, 3 अक्तूबर। जिला उपायुक्त सुशील सारवान ने लघु सचिवालय स्थित प्रथम तल पर कांफ्रेंस हॉल में जिला के सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक कर डी-प्लान के तहत चल रहे विकास कार्यो की समीक्षा की। इस दौरान जिला उपायुक्त ने सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि डी-प्लान के तहत चल रहे विकास कार्यो में पूरी तरह से पारदर्शिता के साथ व समयबद्घ तरीके से नियमानुसार विकास कार्यो में तेजी होनी चाहिए।
उपायुक्त सुशील सारवान ने बैठक के दौरान बताया कि इस वर्ष जिला में डी-प्लान के तहत विकास कार्यो के लिए प्रदेश सरकार की ओर से 14.21 करोड़ रूपये की राशि जारी की गई है जिनमें 835.74 लाख रूपये की राशि  सामान्य वर्ग तथा 585.31 लाख रूपये की राशि अनुसूचित जाति वर्ग के विकास कार्यो के लिए जारी की गई है। उपायुक्त ने बताया कि प्रदेश सरकार के दिशानिर्देशानुसार प्राप्त राशि जिला में गलियों, नालों के निर्माण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य, सामुदायिक केन्द्र, जल आपूर्ति, सिंचाई, खेल, आंगनबाड़ी केन्द्रों का निर्माण सहित स्थानीय लोगों की आवश्यकता वाले प्राथमिकता के कार्यो पर खर्च की जाएगी। उपायुक्त ने बैठक में आए खण्ड विकास एवं पंचायत अधिकारी व अन्य सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि डी-प्लान के तहत जिस कार्य के लिए पैसा दिया जाएगा, खर्च करने से पहले उस कार्य की विस्तार से जानकारी लें कि जो पैसा कार्य के लिए अलॉट किया गया है क्या उसमें कार्य पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्य पैसे की कमी में अधूरा नही रहना चाहिए। इसके साथ-साथ उस कार्य की ई-ट्रैकिंग भी की जाए और उसकी फोटो भी लगाई जाए।

Comments