अपने मतदान का प्रयोग कर प्रजातांत्रिक प्रणाली को मजबूत करें मतदाता : उपायुक्त
30 अक्तूबर को पंचायत समिति व जिला पार्षद और 2 नवम्बर को पंच – सरपंच के लिए होगा मतदान
BOL PANIPAT , 22 अक्तूबर : जमीनी स्तर पर प्रजातांत्रिक प्रणाली मजबूत करने के लिए हो रहे त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में ज्यादा से ज्यादा मतदाता भागीदार बनें । जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि ग्राम पंचायत , खंड समिति और जिला परिषद के निर्वाचन के लिए चल रही चुनावी प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न अलॉट कर दिए गए हैं । पंचायत समिति व जिला परिषद के लिए 30 अक्तूबर और ग्राम पंचायत के लिए 2 नवम्बर को मतदान होगा । उपायुक्त ने कहा कि निर्धारित तिथियों को मतदान की प्रक्रिया सुबह सात बजे से शुरू होगी और शाम 6 बजे तक चलेगी । पंचायती राज संस्थाओं के लिए हो रहे चुनाव में ज्यादा से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग बिना किसी भय , डर और अन्य किसी प्रकार के दबाव के बिना करें । ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं की भागीदारी से ही प्रजातंत्र मजबूत होगा । प्रशासन निष्पक्ष व स्वतंत्र मतदान कराने के लिए प्रतिबद्ध है । सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे ।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन द्वारा मतदान की प्रक्रिया के लिए समयबद्ध तरीके से तैयारियां चल रही हैं । जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पंचायत चुनाव में प्रत्याशियों के लिए खर्च सीमा तय की गई है । चुनाव में पंच पद का उम्मीदवार अधिकतम 50,000 रुपए सरपंच पद का उम्मीदवार अधिकतम 2 लाख रुपए , पंचायत समिति सदस्य का उम्मीदवार अधिकतम 3 लाख 60 हजार रुपए व जिला परिषद सदस्य का उम्मीदवार अधिकतम 6 लाख रुपए चुनाव खर्च कर सकता है ।

Comments