Wednesday, June 17, 2026
Newspaper and Magzine


यू विन पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण का डाटाबेस होगा तैयार

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE HEALTH , at January 18, 2023 Tags: , , , , ,

-पानीपत सहित देश के 65 जिलों में हुआ पोर्टल लॉंच
-पानीपत में उपायुक्त सुशील सारवान ने लॉन्च किया पोर्टल

BOL PANIPAT , 18 जनवरी। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत सरकार ने आने वाली पीढ़ी के स्वास्थ्य को और मजबूत करने के लिए बड़ी पहल की है। गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों के टीकाकरण के लिए आज पानीपत में उपायुक्त सुशील सारवान ने यु विन पोर्टल लॉंच किया है। इस पोर्टल के लॉंच होने से गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों के टीकाकरण का डाटाबेस तैयार करने में पूरी मदद मिलेगी और पोर्टल पर पूरी जानकारी उपलब्ध भी होगी।
 जिला में इस पोर्टल को बुधवार के दिन उपायुक्त सुशील सारवान ने स्थानीय सरकारी अस्पताल में लॉंच करते हुए बच्चों को पोलियो की ड्राप्स पिलाई और महिलाओं को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।
उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि नवजात बच्चों के नियमित टीकाकरण का रिकार्ड रखने में अनेक समस्याएं आती थी। इसी तरह गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण को लेकर भी रिकार्ड दुरुस्त नही था। सरकार ने पहल करते हुए यह पोर्टल शुरु किया है।
उन्होंने बताया कि इसके शुरू करने से नवजात बच्चों और गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण से सम्बंधित दी जाने वाली डोज की पूरी जानकारी एक क्लिक के माध्यम से प्राप्त होगी। यही नहीं किस सेंटर के माध्यम से सम्बंधित महिला या नवजात बच्चे का टीकाकरण किया गया है यह भी पता चल सकेगा।
डीसी सुशील सारवान ने बताया कि इस पोर्टल के माध्यम से बच्चों व गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण की रियलटाईम मॉनिटरिंग व टीकाकरण स्थलों में बकाया टीकों की सूची भी आसानी से प्राप्त होगी। अब रजिस्ट्रेशन के बाद ही गर्भवती महिलाओं और बच्चों का टीकाकरण हो पाएगा। टीकाकरण के बाद ही गर्भवती महिलाओं को प्रमाण पत्र प्राप्त होगा।
सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहुजा ने बताया कि खण्ड स्तर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मी, एएनएम और स्टाफ के अन्य सदस्यों का भी पोर्टल पर पंजीकरण होगा और सरकार के पास टीकाकरण केन्द्रों की पूरी जानकारी उपलब्ध होगी। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी जयंत आहुजा, डॉ. शशी गर्ग, डॉ. संजीव ग्रोवर, डॉ.लिपिका, डॉ.अमीत के अलावा वैक सीनेटर रणधीर मोर मौजूद थे।

Comments