क्षेत्र के समान विकास पर खर्च होगी बजट की पाई-पाई: ज्योति शर्मा
जिला परिषद में पहली सामान्य बैठक सम्पन्न
BOL PANIPAT , 17 फरवरी। लघु सचिवालय के द्वितीय तल पर स्थित सभागार में शुक्रवार को जिला परिषद की सामान्य बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला परिषद की तरफ से कराये जा रहे क्षेत्र के विकास कार्यों की प्रगति रिपार्ट के बारे में जानकारी दी गई। बैठक में मुख्य रूप से जिला परिषद की आय-खर्च एवं संपतियों की स्थिति व अन्य बातों पर विचार विमर्श किया गया। जिला परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष ज्योति शर्मा ने बताया कि जिला परिषद की ओर से क्षेत्र के विकास को लेकर वे गंभीर हैं। सरकार की तरफ से प्राप्त बजट को वे सभी सदस्यों के साथ मिलकर क्षेत्र के विकास के लिए खर्च करेंगी। उन्होंने प्रशासन से गांव में सरकारी योजनाओं के संदर्भ में शिविर लगाने की मांग भी रखी जिस पर सभी परिषद सदस्यों ने सहमति प्रकट की।
जिला परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने बताया कि बैठक में सभी 28 विभागों के अधिकारियों को उपस्थित रहना चाहिये ताकि अच्छी प्रकार से सरकार की योजनाओं की जानकारी के अलावा जन समसयाओं का मौके पर ही निपटान हो सके।
जिला परिषद की सामान्य बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त वीना हुड्डा ने कहा कि पहली सामान्य बैठक बहुत ही सकारात्मक व खुले माहौल में सम्पन्न हुई है। बैठक में जिला परिषद सदस्यों द्वारा दिये गये सुझाव व समस्याओं को गंभीरता से लेकर उन पर अमल किया जायेगा। उन्होंने कहा कि जिला परिषद के सदस्यों ने जिस प्रकार से अपनी समस्याओं को रखा है उससे विकास को नई दिशा मिलेगी। बैठक में जिला परिषद के उपाध्यक्ष आर्य सुरेश मलिक,परिषद सदस्य प्रियंका, जिला परिषद सदस्य जगवीर ने अपनी मांग रखी। इस मौके पर जिला परिषद के सदस्यों के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments