हिसार में तीन दिवसीय किसान मेला 10 मार्च से.
जिले के 12 प्रगतिशील किसान होंगे सम्मानित: डॉ. वजीर
BOL PANIPAT , 6 मार्च। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा तथा चौ0 चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 10 से 12 मार्च 2023 तक हिसार के बालसमंद रोड स्थित मेला ग्राउंड में हरियाणा कृषि विकास मेला-2023 का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में जिला पानीपत के 12 प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग पानीपत के उप निदेशक डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा किसानों को नई तकनीक एवं अनुसंधानों का लाभ पहुंचाने के लिए समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करवाया जाता है जिससे किसान अपने खेत में गुणवत्तापरक एवं रसायनिक खाद रहित प्राकृतिक खेती के जरिये अधिक लाभ कमा सकें। ऐसे ही प्रगतिशील किसानों को हिसार में होने वाले प्रदेश स्तरीय मेले में सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 10 मार्च को सटीक कृषि एवं फसल विविधिकरण, 11 मार्च को मोटा अनाज सर्वोत्तम खाद एवं प्राकृतिक खेती तथा 12 मार्च को कृषि नवाचार विषय से संबंधित कार्यक्रम होंगे। उन्होंने जिले के किसानों से इस कृषि विकास मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।
-जिले के ये किसान होंगे सम्मानित
डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि जिला पानीपत में 5 एकड़ से कम भूमि वाले प्रगतिशील किसानों में गांव कैथ के जयपाल, बुड़शाम के बलबीर सिंह, गांव गांजबड़ के ओमपाल व पूठर के सुनील कुमार, 5 एकड़ से 10 एकड़ तक भूमि वाले किसानों में गांव बड़ौली के सुरेश, सिवाह के रामप्रताप, उग्राखेड़ी के जसबीर सिंह व चमराड़ा के रणजीत सिंह को सम्मानित किया जाएगा, जबकि 10 एकड़ या इससे अधिक भूमि वाले किसानों में गांजबड़ के बिजेन्द्र सिंह, अदियान के धर्मबीर, जौरासी सर्फ खास के विनोद कुमार तथा सौंधापुर के हेमंत कुमार को प्रगतिशील किसान के सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

Comments