विश्व जल दिवस का किया गया आयोजन.
BOL PANIPAT , 22 मार्च। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग पानीपत में अटल भूजल योजना के अंतर्गत विश्व जल दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार, कार्यकारी अभियंता सिंचाई विभाग सुरेश सैनी, मिकाडा विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप कुमार व सिंचाई विभाग के एसडीओ ध्रुव साश्वत मौजूद रहे।
राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि भूजल की एक एक बूंद हमारे लिए कीमती है और अटल भूजल योजना एक सहभागी भूजल प्रबंधन कार्यक्रम है हमें समुदाय को अधिक से अधिक योजना से जोडऩा चाहिए जिससे कि उनको भूजल की एक एक बूंद इतनी कीमती है यह समय से जानकारी हो सके और आने वाले भविष्य के लिए हम भूजल को सुरक्षित रख सकते हैं। उन्होंने बताया कि किसानों को अपनी खेती में सूक्ष्म सिंचाई विधि अपनानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि जल को बचाने के लिए महिलाओं की भागीदारी बहुत ही आवश्यक है महिलाएं परिवार की एक एक मुख्य कड़ी है वह स्वयं के साथ-साथ पूरे परिवार को जल के बारे में अधिक से अधिक जागरूक कर सकती हैं कोई भी योजना हो उस को सफल बनाने में महिलाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने उपस्थित सभी महिलाओं से अनुरोध किया कि वह अधिक से अधिक अपने साथ अन्य महिलाओं को भी जल बचाने हेतु जागरूक करें।
इस अवसर पर मिकाडा विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि सूक्ष्म सिंचाई करने से किसान को भूजल के साथ-साथ आए की भी बचत हो रही है और मुनाफा अधिक होता है। उन्होंने बताया कि जो किसान गन्ना लगाते हैं और टपका विधि का प्रयोग करना चाहते हैं उनके लिए विभाग की तरफ से सौ प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। किसान को मात्र जीएसटी देना होता है। उन्होंने बताया कि अटल भूजल योजना के अंतर्गत आने वाले दो ब्लॉक संमालखा व बापौली की ग्राम पंचायतों में टपका व फव्वारा विधि लगाने वाले किसान को भी 100 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है इसमें 85 प्रतिशत मिकाडा विभाग से तथा 15 प्रतिशत जो किसान का शेयर है वह अटल भूजल योजना के द्वारा दिया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं की भागीदारी भी इसमें हो इस पर जोर दिया तथा अधिक से अधिक किसानों को इस बारे में जागरूक करने के लिए संक्षिप्त में बताया। इस अवसर पर अटल भूजल योजना के सूचना शिक्षा एवं संचार विशेषज्ञ अमित कौशिक, भूजल विशेषज्ञ अमित कुमार व अन्य स्टाफ के साथ-साथ अनेकों महिलाए भी उपस्थित रही।

Comments