पानीपत रिफाइनरी में ऑन-साइट सह ऑफ-साइट आपदा ड्रिल का आयोजन
BOL PANIPAT : 5 सितम्बर, 2023. विभिन्न आपातकालीन समन्वयकों, जिला प्रशासन और अन्य हितधारकों के साथ मिलकर पानीपत रिफाइनरी में आज 05.08.2023 को औचक ऑनसाइट-सह-ऑफसाइट आपदा राहत पूर्वाभ्यास (ड्रिल) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इसका परिदृश्य पानीपत रिफाइनरी की डीलेड कोकर इकाई के वेट गैस कंप्रेसर के पहले चरण के डिस्चार्ज प्रेशर टैपिंग से H2S ( हाइड्रोजन सल्फाइड) गैस का रिसाव था। रिसाव का पता आज सुबह 10:10 बजे चला और इसे नियंत्रित करने के प्रयास किए गए। फायर अलार्म बजते ही दमकल गाड़ियाँ साइट पर पहुँची और गैस के रिसाव को रोकने के लिए हवा की दिशा में वॉटर कर्टन लगाए गए। इसके अलावा तुरंत यूनिट संचालन कर्मियों ने वेट गैस कंप्रेसर को बंद कर दिया । घटना स्थल के पास सड़क पर सभी यातायात को रोक दिया गया और आसपास के लोगों को सतर्क करने के लिए घोषणा की गई। इस रिसाव से सुचारू रूप से नियंत्रण पाने के लिए आपसी सहायता भागीदारों को भी सहायता के लिए बुलाया गया।

पानीपत जिला प्रशासन से डॉ राज कुमार बहुरिया, जिला राजस्व अधिकारी पानीपत ने इमरजेंसी कंट्रोल रूम पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। चूंकि हाइड्रोजन सल्फाइड के रिसाव को नियंत्रित करना आवश्यक था ताकि आसपास के गांव प्रभावित न हो सकें अत: सुबह 10.57 बजे लेवल-3 इमरजेंसी घोषित किया गया। एम्बुलेंस और चिकित्सा सहायता तुरंत प्रदान की गई। गाँव के लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। स्थिति के नियंत्रण में आते ही जिला प्रशासन की सहमति से 11:50 बजे इसके सामान्य होने की घोषणा की गई। पानीपत जिला प्रशासन की ओर से इस ड्रिल में डॉ राज कुमार बहुरिया –डीआरओ के अलावा राम निवास-एसआई, बहोली थाना ने भी भाग लिया। इसके अलावा पानीपत जिला फायर सर्विस, एनएफ़एल की फायर सर्विस, पीटीपीएस की फायर सर्विस ने अपना फायर टेंडर व अधिकारियों के साथ एक-एक टीम के साथ इस अभ्यास मे भाग लिया। सिविल हॉस्पिटल जिला पानीपत द्वारा एंबुलेंस व अधिकारियों के साथ उनकी टीम ने समय पर पहुंचकर आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान की। एनडीआरएफ़ की एक टीम को इस ड्रिल में सहयोग के लिए जिला प्रशाशन ने सम्मिलित किया।
ड्रिल के बाद सम्मेलन-कक्ष में एक डी-ब्रीफिंग सत्र आयोजित किया गया, जहां आपातकालीन तैयारी योजना में और सुधार के लिए अवलोकनों की समीक्षा एम एल डहरिया, कार्यकारी निदेशक व रिफाइनरी प्रमुख ने की। डहरिया ने जिला प्रशासन को बताया कि पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) की एक व्यापक आपातकालीन बचाव तैयारी योजना है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि दुर्घटना की स्थिति में, सार्वजनिक जीवन, आसपास के पर्यावरण, रिफाइनरी कर्मचारियों और संपत्तियों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा सकें। उन्होने जिला प्रशासन के सहयोग की सराहना की । डॉ राज कुमार बहुरिया ने एक बेहद पेशेवर तरीके एवं पूर्ण कुशलता से आयोजित उद्देश्यपूर्ण और सफल ड्रिल के लिए टीम पीआरपीसी को बधाई दी।

Comments