Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


एनएसएस स्वयंसेवक दीपक सिंह को माननीया राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सर्वश्रेष्ट स्वयंसेवक के राष्ट्रीय एनएसएस पुरस्कार से किया अलंकृत

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at September 30, 2023 Tags: , , , , , ,

एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के इतिहास का स्वर्णिम दिन, रचा इतिहास  

मनोहर लाल माननीय मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार ने अपने ट्विटर हैंडल से दीपक सिंह के प्रयासों को सराहा

अनुराग ठाकुर माननीय कैबिनेट मंत्री युवा कार्यक्रम, नितीश प्रामाणिक राज्यमंत्री युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, श्रीमती मीता आर लोचन सचिव युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, पंकज कुमार सिंह आईपीएस निदेशक एनएसएस युवा कार्यक्रम और शरवण राम क्षेत्रीय निदेशक एनएसएस क्षेत्रीय निदेशालय नई दिल्ली ने की एनएसएस कार्यकर्ता की हौंसला अफजाई

दीपक सिंह को एक लाख रुपये, मैडल और प्रशस्ति पत्र से गया नवाजा

BOL PANIPAT ,

      एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के एनएसएस स्वयंसेवक दीपक सिंह ने सर्वश्रेष्ट स्वयंसेवक के राष्ट्रीय एनएसएस पुरस्कार (सत्र 2021-22) को जीतकर कॉलेज के इतिहास के इस स्वर्णिम और गौरवमयी दिन को हमेशा के लिए अमर कर दिया. दीपक सिंह को यह पुरस्कार भारत की राष्ट्रपति माननीया द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन के दरबार हाल में 29 सितम्बर को आयोजित भव्य समारोह में दिया. पुरस्कार वितरण समारोह के सम्पूर्ण आयोजन का दायित्व और विजेता दीपक सिंह का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन  अनुराग ठाकुर माननीय कैबिनेट मंत्री युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार, नितीश प्रामाणिक राज्यमंत्री युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय तथा गृह मंत्रालय, श्रीमती मीता आर लोचन सचिव युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, पंकज कुमार सिंह आईपीएस निदेशक एनएसएस युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, शरवण राम क्षेत्रीय निदेशक एनएसएस क्षेत्रीय निदेशालय नई दिल्ली, देसराज और मनोज कुमार ने निभाया और तीन दिवसीय कार्यक्रम में देशभर से आये एनएसएस स्वयंसेवकों का हर पल हौंसला बढ़ाया. विदित रहे कि कॉलेज के युवा एनएसएस कार्यकर्ता दीपक सिंह को 28 सितम्बर को राष्ट्रपति भवन में आने का न्यौता मिला और उसे उसी रात्री का भोज अनुराग ठाकुर माननीय कैबिनेट मंत्री युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के साथ करने का अवसर मिला. अनुराग ठाकुर ने कॉलेज और हरियाणा राज्य द्वारा एनएसएस द्वारा किये गए कार्यों की जमकर तारीफ़ की. अगली रात्री दिन का भोज शरवण राम क्षेत्रीय निदेशक एनएसएस क्षेत्रीय निदेशालय नई दिल्ली ने आयोजित किया. एसडी कॉलेज एनएसएस यूनिट्स को समय-समय पर निर्देशित और मार्गदर्शित करने का कार्य दिनेश कुमार राज्य एनएसएस अधिकारी हरियाणा और डॉ आनंद कुमार एनएसएस समन्वयक कुरुक्षेत्र विश्वविधालय ने किया जिसका परिणाम यह है कि दीपक सिंह ने पानीपत और हरियाणा प्रदेश को पूरे देश में एक अलग स्थान और पहचान दिलाई है. केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा स्थापित एनएसएस पुरस्कारों को प्रत्येक वर्ष एनएसएस स्वयंसेवकों, कार्यक्रम अधिकारियों, एनएसएस इकाइयों, विश्वविद्यालयों और परिषदों को उनके स्वैच्छिक सेवा योगदान को मान्यता देने के लिए प्रदान किया जाता है.                                 

     दीपक की इस उपलब्धि को मनोहर लाल माननीय मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार ने भी अपने ट्विटर हैंडल पर विशेष स्थान दिया और लिखा कि दीपक द्वारा पर्यावरण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में नि:स्वार्थ भाव से किया गया सामाजिक कार्य अत्यंत प्रशंसनीय तथा युवाओं के लिए प्रेरणादायी है.

दीपक सिंह रामनगर झज्जर के रहने वाले है और एमएससी की पढ़ाई उन्होनें एसडी कॉलेज से प्राप्त की है. प्रधानमन्त्री योजना, उज्जवला योजना, जन-धन योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढाओ जैसी स्कीमों में मेहनत से कार्य किया. रक्तदान शिविरों में 17 बार रक्तदान दिया. कोरोना काल में गरीब और वंचित विद्यार्थियों एवं बच्चों की मदद आर्थिक और शैक्षणिक की. 750 से अधिक वृक्ष लगाकर अपने पर्यावरण बोध का परिचय दिया. दीपक के इन्ही सर्वोत्तम कार्यों के कारण वे 2017 से 2020 तक कुरुक्षेत्र विश्वविधालय के सर्वश्रेष्ट स्वयंसेवक रहे और उन्हें एनएसएस स्टेट अवार्ड (2018-20) से अलंकृत किया गया. पढ़ाई में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होनें एमएससी भौतिकी की परीक्षा 78 प्रतिशत अंक लेकर पास की और कुरुक्षेत्र विश्वविधालय की मेरिट लिस्ट में छठा स्थान हासिल किया. एनएसएस में सेवाभाव के कार्य करने की प्रेरणा उन्हें अपने पिता दिलबाग सिंह, माता संतोष देवी, बहनों सुनीता और ज्योति, प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा, डॉ राकेश गर्ग, डॉ संतोष कुमारी और डॉ भगत सिंह राज्य एनएसएस अधिकारी हरियाणा कृषि विश्वविधालय हिसार से मिली.         

एसडी एजुकेशन सोसाइटी (रजि.) के सभी पदाधिकारियों, एसडी पीजी कॉलेज पानीपत प्रबंधकारिणी के उप-प्रधान मनोज सिंगला, जनरल सेक्रेटरी तुलसी सिंगला, कोषाध्यक्ष विकुल बिंदल, प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा, कॉलेज में एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ राकेश गर्ग, डॉ संतोष कुमारी और अन्य प्राध्यापकों ने दीपक सिंह की इस उपलब्धि को विलक्षण और असाधारण बताया और उसे बधाई दी. एक विद्यार्थी द्वारा अपने कॉलेज को राष्ट्रीय स्तर की पहचान दिलाना अपने आप में फक्र की बात है.

प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि भारत के राष्ट्रपति से एनएसएस के सबसे बड़े पुरस्कार को ग्रहण करना एक सपने के सच हो जाने जैसा है. सम्पूर्ण देश से मात्र 30 सर्वश्रेष्ठ एनएसएस कार्यकर्ताओं को इस पुरस्कार के लिए चयनित किया जाता है और इसके चयन की प्रक्रिया भी अत्यंत मुश्किल है. एनएसएस कार्यकर्ताओं द्वारा किये गए सामाजिक हित के कार्यों का मूल्यांकन बहुत ही बारीकी से किया जाता है तत्पश्चात ही वे इस राष्ट्रीय पुरस्कार के दावेदार बन पाते है. दीपक सिंह ने भी इन सभी स्तरों को पार करते हुए इस राष्ट्रीय पुरस्कार को हासिल किया है. दीपक सिंह अब सिर्फ हरियाणा प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा का श्रौत बन गए है. एसडी कॉलेज के इतिहास के पन्नों पर दीपक सिंह का नाम अमिट हो गया है. पढ़ाई में अव्वल रहते हुए दीपक सिंह ने अपने सामाजिक दायित्व को भी शानदार तरीके से निभाया है. दीपक जैसे विद्यार्थी उनकी स्मृति पटल पर हमेशा के लिए अंकित हो गए है.

डॉ राकेश गर्ग ने कहा कि जब वे अपने एनएसएस कार्यकर्ता के साथ राष्ट्रीय पुरस्कार को ग्रहण करने राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली पहुंचे और उनका जैसा स्वागत और मार्गदर्शन अनुराग ठाकुर माननीय कैबिनेट मंत्री युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार ने किया तब उन्हें अहसास हुआ कि दीपक सिंह ने किस मुकाम को हासिल किया है. वे खुद भी इस एनएसएस स्वयंसेवक की उपलब्धि से गद-गद और अभिभूत है. बतौर एनएसएस अधिकारी उन्होनें जब कभी भी, कहीं भी और कोई भी आदेश या जिम्मेदारी दीपक सिंह को दी उसे इस कार्यकर्ता ने ईमानदारी और लगन के साथ पूरा किया. दीपक सिंह जैसे छात्र कॉलेज के मस्तक का ताज है. ऐसे छात्र कॉलेज के इतिहास को लिखते है और इसकी परम्पराओं का हिस्सा बन जाते है.

दीपक सिंह ने अपने सन्देश में कहा कि उनके माता-पिता, प्राचार्य अनुपम अरोड़ा, डॉ राकेश गर्ग, डॉ संतोष कुमारी और डॉ भगत सिंह राज्य एनएसएस अधिकारी हरियाणा कृषि विश्वविधालय हिसार उनके आदर्श है क्यूंकि दूसरों के लिए कुछ कर गुजरने का हौंसला और जज्बा उन्हें इन्ही से मिला है. राष्ट्रपति भवन में जितने भी मंत्री और अधिकारी उन्हें मिले सभी इतने सकारात्मक और उत्साहवर्धन करने वाले थे कि इससे उनका आत्मविश्वास और समाज के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा आज अपने चरम पर है. समाज और देश के लिए कुछ भी कर पाने से जो आत्मिक सुख और देवीय शान्ति उन्हें प्राप्त हुई है उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है. युवा अवस्था में ही विद्यार्थी अपने समाज और देश के लिए कुछ कर सकते है. बाद में समय लौट कर नहीं आएगा.

Comments