Sunday, April 19, 2026
Newspaper and Magzine


कम्युनिकेशन टावर लगाने के नाम पर  ठगे 5 लाख। 

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at February 28, 2024 Tags: , , , , , , ,

BOL PANIPAT : भोले भाले लोगों को ठगी का शिकार बनाना आजकल शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने का नया  तरीका बन गया है। मोटी  कमाई का लालच देकर ठगी करने वाले लोग भोले भाले लोगों के खून पसीने की कमाई को ठग लेते हैं। ऐसा ही एक मामला पानीपत जिले के समालखा कस्बे से आया है. समालखा में रहने वाले एक व्यक्ति को साइबर ठगों ने अपना निशाना बना लिया। ठगों ने व्यक्ति को रिलायंस जिओ का टावर लगवाने के नाम पर 40 लाख रुपए और नौकरी देने का लालच दिया। वह उनकी बातों में आ गया इसके बाद उससे 5 लाख रुपए ठग लिए। ठगी का पता लगने पर मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

समालखा थाना पुलिस को दी शिकायत में जयसिंह ने बताया कि वह गांव खलीला प्रह्लादपुर, थाना समालखा का रहने वाला है। उसके साथ टावर लगवाने के नाम से 5 लाख रुपए की ठगी हुई है। उसने बताया कि दिसंबर में उसे एक कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने कहा था कि वे रिलायंस जिओ के टावर लगाते हैं।

इसको अपनी जमीन/ मकान पर लगवाने  वाले एक आदमी को नौकरी भी मिलेगी। इसके अलावा टावर के 40 लाख रुपए मिलेंगे। इस प्रकार प्रलोभन देकर आरोपियों ने उससे 5 लाख रुपए ले लिए। रुपए लेने के बाद कॉल आई कि आपके टावर का सामान गाड़ी में लोड करवा दिया है।

कुछ देर बाद कॉल आई कि सामान पहुंचने वाला है और वह खुद तार लगाने आएगा, लेकिन न ही टावर का सामान पहुंचा और न ही कोई तार लगाने वाला आया। जिसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ।

Comments