चुनाव के दौरान शराब की अवैध तस्करी पर रहेगी प्रशासन की पैनी नजर.
-चुनाव के दौरान शराब की अवैध तस्करी पर लगे पूरी तरह से पाबंदी: आयुक्त अशोक कुमार मीणा
-अधिकारियों को जीरो टॉलरेंस के साथ करना होगा कार्य
-व्हाट्स एप ग्रुप बनाकर सूचना एक दूसरे के साथ सांझा करने के निर्देश दिये
-बोर्डो पर रखनी होगी विशेष निगरानी
BOL PANIPAT , 4 अप्रैल। हरियाणा आबकारी एवं कराधान विभाग आयुक्त अशोक कुमार मीणा (आईएएस )ने गुरुवार को प्रदेश के सभी उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चुनाव तैयारी को लेकर मंथन किया व अवैध शराब की तस्करी को लेकर जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि हमें जीरो टॉलरेंस के साथ काम करना है। इसमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अवैध रूप से लाई जा रही शराब को सील करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान नाके लगाकर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली राजस्थान बॉर्डर पर विशेष ध्यान देना है। व्हाट्स एप ग्रुप बनाकर सूचना एक दूसरे के साथ सांझा करने के निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि हरियाणा में प्रवेश करने वाले ट्रको की नियमित रूप से जांच करनी है। हर गतिविधि पर अंकुश लगाना है। जिन जिलों में डिस्टलरी है उन पर विशेष ध्यान देना होगा। चुनाव के दौरान किसी भी तरह की शराब की अवैध तस्करी ना हो इसको लेकर हर मूवमेंट पर पैनी नजर रखनी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में न तो शराब की अवैध खेप को आने देना है व न ही जाने देना है। टीम बनाकर कार्य करना है। इन टीमों में एक्साइज व जीएसटी अधिकारियों, कर्मचारियों को भी शामिल करना है।
उन्होंने सभी उपायुक्तों से इस संदर्भ में सुझाव भी मांगे व एक-एक करके सभी से चुनाव की तैयारी को लेकर चर्चा भी की व सभी उपायुक्तों को सरप्राइज विजिट करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि पंजाब से कोई भी ट्रक हरियाणा में ना घुसे इस पर विशेष ध्यान देना है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉक्टर वीरेंद्र कुमार दहिया ने आश्वस्त किया कि चुनाव में शराब की अवैध तस्करी को रोकने को लेकर 15 टीमों का गठन किया गया है। अलग-अलग स्थानों पर नाके लगाकर निगरानी बरती जा रही है। बॉर्डर के साथ लगते क्षेत्र में नाके लगाकर वाहनों की चेकिंग का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने एक माह के दौरान पकड़ी गई अवैध शराब के बारे में भी अवगत कराया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व स्वतंत्र चुनाव कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। सभी प्रकार की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हंै। अधिकारी आयोग की दिशा निर्देशों पर कार्य कर रहे हैं। इस दौरान एडीसी डॉक्टर पंकज, एसडीएम मनदीप सिंह, इसराना एसडीएम ज्योती मित्तल, समालखा एसडीएम अमित, सीटीएम टीनू पोसवाल के अलावा आबकारी एवं कराधान विभाग व जिला चुनाव कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments