चुलकाना गांव में शराब ठेके पर बोतल से गर्दन पर वार कर युवक की हत्या करने के 3 आरोपी गिरफ्तार.
BOL PANIPAT : 23 जून 2024, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए थाना समालखा पुलिस ने चुलकाना गांव में स्थित शराब ठेके पर युवक की हत्या करने के 3 आरोपियों को शनिवार देर शाम पट्टीकल्याण से चुलकाना रोड पर रेलवे लाईन के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान नवीन, हिमांशु व संदीप निवासी चुलकाना के रूप में हुई।
थाना समालखा प्रभारी इंस्पेक्टर फुल कुमार ने बताया कि थाना समालखा में संदीप पुत्र जयपाल निवासी चुलकाना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका भाई कृष्ण चुलकाना गांव में स्थित शराब ठेके पर इंचार्ज के रूप में काम करता था। कृष्ण 19 जून की देर शाम गांव निवासी विशाल उर्फ लकीसर को साथ लेकर ठेके पर सेल का कैश लेने के लिए गया था। कुछ देर तक वापिस नहीं लौटा तो वह बाइक से कृष्ण को देखने के लिए शराब ठेके पर गया। ठेके के नजदीक पहुंचा तो देखा गांव निवासी अनिल पुत्र पालेराम, अभिषेक पुत्र देवी व दोनों के साथ अन्य 3/4 लड़के लाठी, डंडे व चाकू से लैस होकर शराब ठेके के बाहर खड़े थे। नवीन पुत्र पालेराम, संदीप पुत्र जयलाल व मन्नु पुत्र सुरेश शराब ठेके से बाहर निकल रहे थे। नवीन के हाथ में खून से सनी टूटी हुई कांच की बोतल व संदीप व मन्नु के हाथ में चाकू था। उसने शोर मचाया तो सभी मौके से फरार हो गए। ठेके के अंदर जाकर देखा भाई कृष्ण मृत पड़ा था उसकी गर्दन से खून बह रहा था और विशाल उर्फ लकीसर घायल अवस्था में तड़प रहा था। आरोपी अनिल व नवीन पहले भी कृष्ण के साथ कई बार मारपीट व जान से मारने की धमकी दे चुके थे। आरोपियों ने रंजिश रखते हुए अपने उक्त साथी आरोपियों के साथ मिलकर उसके भाई कृष्ण की हत्या की है। संदीप की शिकायत पर थाना समालखा में हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
इंस्पेक्टर फुल कुमार ने बताया कि थाना समालखा पुलिस टीम आरोपियों की धरपकड़ के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। पुलिस टीम ने शनिवार देर शाम मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर आरोपी नवीन, हिमांशु व संदीप को पट्टीकल्याण से चुलकाना रोड पर रेलवे लाइन के पास से काबू करने में कामयाबी हासिल की। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा।
दोस्त के साथ हुई मारपीट की रंजिश रखते हुए दिया था वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपी संदीप ने पुलिस को बताया बीती 13 अप्रैल को गांव निवासी उसके दोस्त देवराज के साथ मारपीट कर कृष्ण ने चोट मारी थी। देवराज ने थाना समालखा में शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करवाया था। दोस्त देवराज के साथ हुई मारपीट की रंजिश रखते हुए आरोपी संदीप ने अपने उक्त दोनों साथी आरोपियों व एक अन्य साथी आरोपी के साथ मिलकर साजिश रच हत्या व चोट मारने की उक्त वारदात को अंजाम दिया।
इंस्पेक्टर फुल कुमार ने बताया कि गहनता से पूछताछ करने वारदात में शामिल फरार इनके साथी आरोपी को पकड़ने व वारदात में प्रयुक्त कार बरामद करने के लिए पुलिस ने रविवार को तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया।
इंस्पेक्टर फुल कुमार ने बताया कि मृतक कृष्ण को वर्ष 2015 में थाना समालखा में दर्ज हत्या के एक मामलें में उम्र कैद की सजा हुई थी। कृष्ण करीब 3 साल पहले जमानत होने पर जेल से बाहर आया था।

Comments