Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


भाजपा सरकार ने मेहनतकश तबकों पर भयंकर हमले किये हैं : कामरेड दरियाव सिंह कश्यप

By LALIT SHARMA , in Politics , at September 13, 2024 Tags: , , ,

BOL PANIPAT : 13 सितम्बर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने हरियाणा विधान सभा चुनाव के लिए नरवाना ( सुरक्षित ) से कामरेड मनीराम बेलरखा , पुंडरी से कामरेड पहल सिंह तवर , सोनीपत से कामरेड राजीव वर्मा और साढौरा ( सुरक्षित ) से अरुण कुमार शक्करवाल को प्रत्याशी बनाया हैं ।
आज स्थानीय भगत सिंह स्मारक में सम्पन्न पार्टी की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक के बाद सीपीआई के राज्य सचिव कामरेड दरियाव सिंह कश्यप ने यह जानकारी दी । उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार ने अपनी जायज मांगों के लिए आंदोलनकारी किसानों , श्रमिकों , कर्मचारियों , आशा वरकर्स , पटवारियों ,कम्प्यूटर – लैब सहायकों ,सरपंचों सहित तमाम मेहनतकश तबकों पर भयंकर हमले किये हैं । हाल ही में मुख्यमंत्री ने चुनाव के बाद विरोधियों को देख लेने की धमकी भी दी है। कामरेड कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार हरियाणा में तमाम वर्गों की विरोधी सरकार है और राज्य में भाजपा को हराया जाना चाहिए ।
कामरेड कश्यप ने कहा कि इंडिया गठबंधन की बडी़ पार्टी होने के चलते कांग्रेस पार्टी को राज्य में सीपीआई सहित गठबंधन की सभी पार्टियों को साथ लेकर चुनाव मैंदान में उतरना चाहिए था लेकिन हरियाणा में गुटों में बंटी कांग्रेस में चौ0 भूपेन्द्र सिंह हुड्डा की मनमानी के चलते सीपीआई के लिए कोई सीट ना छोड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है । यह इसके बावजूद कि सीपीआई ने हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में विपक्षी मतों में बिखराव को रोकने के मंतव्य से हरियाणा में अपना कोई भी प्रत्याशी ना खड़ा करके इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों का खुलकर समर्थन किया था। का० कश्यप ने कहा कि कांग्रेस का यह कदम उसकी अदूरदर्शिता का परिचायक है और इससे जनविरोधी और सांप्रदायिक भाजपा के विरुद्ध धर्मनिरपेक्ष और जनवादी शक्तियों के बीच पिछले कुछ समय में स्थापित हुई एकता को धक्का लगेगा। सीपीआई कांग्रेस की इस नीति की कडे़ शब्दों में निंदा करती है ।
सीपीआई ने नरवाना ,पुंडरी , सोनीपत और साढौरा सीटों पर गम्भीरता से चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है । सीपीआई बाकी सीटों पर किस उम्मीदवार और पार्टी का समर्थन करने के लिए
पार्टी 16 सितंबर के बाद निर्णय करेगी ।
आज की बैठक में दरियाव सिंह कश्यप , धर्मपाल सिंह चौहान , अश्वनी कुमार बक्शी , तिलक राज विनायक ,राम रतन एडवोकेट , सत्येन्द्र गीरि , मनीराम , पवन कुमार सैनी शामिल रहे । सीपीआई की राष्टीय सचिव एवं पार्टी की प्रदेश प्रभारी कामरेड अमयजीत कौर ने बैठक का मार्गदर्शन किया ।

Comments