स्व. सोमभाई की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या से खादी कार्यकर्ताओं द्वारा 22 घंटे की निरन्तर अखण्ड कताई की गई।
BOL PANIPAT : खादी जगत के भीष्म पितामह, स्वतन्त्रता सेनानी, खादी ग्रामोद्योग आयोग के भूतपूर्व अध्यक्ष एवं सदस्य, गुरूकुल कांगड़ी हरिद्वार के भूतपूर्व उप-कुलपति, प्रसिद्ध सर्वोदय नेता व खादी आश्रम एवं विद्या भारती माॅडर्न स्कूल के संस्थापक स्व. सोमभाई की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या से खादी कार्यकर्ताओं द्वारा दिनांक 16.04.2025 को प्रातः 11ः00 बजे से दिनांक 17.04.2025 प्रातः 09ः00 बजे तक 22 घंटे की निरन्तर अखण्ड कताई की गई। उसके पश्चात उनकी स्मृति में खादी आश्रम, पानीपत के श्री सोमभाई हाल में प्रातः 10ः00 बजे संजय शास्त्री द्वारा हवन यज्ञ सम्पन्न करवाया गया। इस अवसर पर विद्या भारती माॅडर्न स्कूल के विद्यार्थी एवं स्टाफ, रचनात्मक एवं खादी संस्थाओं के कार्यकर्ताओं के साथ-2 नगर के प्रबुद्ध नागरिकों ने भी भाग लिया।
इस अवसर पर खादी आश्रम, पानीपत एवं भारतीय खादी ग्रामोद्योग संघ उत्तरी क्षेत्र, पानीपत की अध्यक्षा श्रीमती निर्मल दत्त ने बताया कि भारत विभाजन के पश्चात पाकिस्तान से आये विस्थापित शरणार्थियों के पुनर्वास की समस्या को हल करने हेतु सरकार द्वारा जब सैंट्रल रिलीफ कमेटी का गठन किया तो उत्तर क्षेत्र के संचालन का कार्य श्री सोमभाई जी को सौंपा गया। शरणार्थियों की पुनर्वास समस्या हल होने के पश्चात सन् 1954 में उन्होंने खादी आश्रम की स्थापना की तथा इसे इतना व्यापक रूप दिया कि इसकी शाखा पंजाब, चण्डीगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश एवं दिल्ली में भी फैल गई। श्री सोमभाई विराट एवं बहुआयामी व्यक्तित्व के स्वामी थे और उन्होंने खादी के अलावा गांधी जी के जो अन्य कार्यक्रम थे उनको भी अपने हाथ में लिया और उनके द्वारा समाज को एक नई दिशा प्रदान की गई। वे सभी खादी कार्यकर्ताओं और खादी संस्थाओं के पिता तुल्य थे और अपने मधुर तथा सौम्य व्यवहार के कारण सारे हिंदुस्तान में अत्यंत लोकप्रिय थे।

खादी आश्रम, पानीपत के मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि स्व. सोमभाई सन् 1963 से लेकर 1980 तक श्री सोमभाई खादी ग्रामोद्योग आयोग के सदस्य रहे एवं इस दौरान वर्ष 1977 से 1980 तक अध्यक्ष पद को भी सुशोभित किया। रचनात्मक कार्य में उनके महत्वपूर्ण योगदान के कारण इनको वर्ष 2000 में बजाज पुरस्कार से सम्मानित भी किया गया। हरियाणा सरकार द्वारा उनके जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर दिनांक 25.08.2014 को सोमभाई की स्मृति में मलिक पेट्रोल पंप से जिमखाना क्लब, सैक्टर 25 हुड्डा को जाने वाले मार्ग का नामकरण ‘ सोमभाई मार्ग’ के नाम से किया गया, जिसका उद्घाटन तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा किया गया।
विद्या भारती माॅडर्न स्कूल, पानीपत की प्रिंसिपल मीनाक्षी ने इस अवसर पर बोलते हुए बताया कि हिन्दुस्तान के स्वतन्त्रता आन्दोलन में सोमभाई कई बार जेल गये और सोमभाई के लिए समस्त समाज, प्रदेश एवं सम्पूर्ण राष्ट्र एक परिवार के सामान था। सोमभाई कत्तिन एवं बुनकरों के सदा हितेषी थे तथा उनके उत्थान के लिए सदा कार्य करते रहते थे। वे समय की रेत पर ऐसे निशान छोड़ गये हैं कि आने वाली पीढ़ियां इनका अनुशरण करती रहेंगी ।
इस अवसर पर खादी आश्रम, करनाल के सचिव ओमप्रकाश, जगदीप चन्द, अजीत पाल, मंत्री, भारतीय खादी ग्रामोद्योग संघ उत्तरी क्षेत्र, पानीपत, शमशेर सिंह, सचिव, अम्बाला खादी आश्रम, प्राकृतिक चिकित्सक डा. राजन, ईशपाल सिंह, ईश्वर पाल, रोशन लाल, शालिनी आदि ने भी अपने-2 श्रद्धा सुमन अर्पित किये।

Comments