Saturday, April 25, 2026
Newspaper and Magzine


शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने जन समस्याओं के समाधान के लिए जनता दरबार का आयोजन किया।

By LALIT SHARMA , in Politics , at June 19, 2025 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT , 19 जून 2025, आज पानीपत के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हरियाणा सरकार के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने जन समस्याओं के समाधान के लिए जनता दरबार का आयोजन किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं शिकायतें मंत्री महोदय के समक्ष रखीं। शिक्षा मंत्री ने हर एक फरियादी की बात धैर्यपूर्वक सुनी और संबंधित अधिकारियों को तुरंत फोन कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

जनता दरबार में मुख्य रूप से पेयजल समस्या, सड़क मरम्मत, पेंशन में देरी, बिजली आपूर्ति, शिक्षा संस्थानों की व्यवस्थाएं, तथा पारिवारिक विवाद जैसे मुद्दे लोगों ने उठाए। श्री महिपाल ढांडा ने सभी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही कॉल करके दिशा-निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का तुरंत निवारण किया जाए।

महिपाल ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ‘जनता के द्वार, सरकार’ की भावना के अनुरूप कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध समाधान हो। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में इसी कड़ी के तहत लगातार जनता दरबार लगाए जा रहे हैं ताकि जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद बना रहे।

मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि आमजन की समस्याएं सुनना और उनका निराकरण करना ही जनप्रतिनिधियों का पहला कर्तव्य है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की किसी भी समस्या में अनावश्यक देरी न की जाए। जिन मामलों का निपटारा मौके पर संभव नहीं है, उनकी फाइल बनाकर जल्द से जल्द उचित कार्यवाही की जाए।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने शिक्षा विभाग से जुड़ी कई समस्याओं को भी सुना और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनता दरबार में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पार्षद, पंचायत प्रतिनिधि एवं शहर के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। सभी ने मंत्री जी की जनसेवा भावना और त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

महिपाल ढांडा ने कहा कि प्रदेश सरकार का हर अधिकारी और जनप्रतिनिधि जनसेवा को ही प्राथमिकता दे रहा है। जनता दरबार का उद्देश्य भी यही है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए चक्कर न काटने पड़ें और उन्हें सीधे समाधान मिले।

जनता दरबार के बाद शिक्षा मंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पानीपत क्षेत्र के विकास कार्यों को तेज़ गति से आगे बढ़ाया जा रहा है और आने वाले समय में शहरवासियों को और बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

Comments