पानीपत जिला जेल में रक्षा बंधन पर्व पर सैकडों बहनों ने बांधी अपने बंदी भाईयों की कलाई पर राखी जेल प्रशासन ने सभी बहनों के लिये किया था मिठाई, राखी व तिलक का इंतजाम. कुछ भाई भी अपनी बंदी बहनों से राखी बंधवाने पहुंचे।
-बारिश के दौरान भी जेल में राखी बांधने वाली बहनों की लगी रही लाईन, सुरक्षा व्यवस्था के बीच 10-10 के बैच में बहनों ने बांधी राखियां।
BOL PANIPAT : 9 अगस्त– स्थानीय जिला जेल में रक्षाबंधन का त्यौहार शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। जेल में बंदियों व कैदियों को राखी बांधने के लिये सैकडों की संख्या में बहनें अपने भाईयों को राखी बांधने के लिये जेल में पहुंची और बहनों ने कडी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपने भाईयों की कलाई पर राखी बांधी। इस दौरान काफी बहनें अपने भाईयों को राखी बांधते हुए भावुक हो गई। इसके अलावा जो महिला बंदी जेल में बंद है, उनके भाई भी अपनी बहनों से राखी बंधवाने के लिये जिला जेल में पहुंचे और बंदी बहनों ने अपने भाईयों को राखी बांधी।
जेल अधीक्षक संजीव कुमार के अनुसार हरियाणा के डीजी जेल आलोक कुमार राय के निर्देशानुसार जेल प्रशासन द्वारा ही राखी बांधने आई बहनों के लिये मिठाई, राखी व तिलक का इंतजाम किया गया था। बहनों को बाहर से मिठाई, राखी व तिलक आदि लाने की जरूरत नहीं थी। वहीं शनिवार को सुबह करीब 7 बजे से 11 बजे तक हुई बारिश भी बहनों का हौंसला कम नहीं कर पाई और बारिश के दौरान भी राखी बांधने आई बहनों की लाईन लगी रही। जेल अधीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि रक्षा बंधन के त्योहार को लेकर शनिवार को सुबह 7.30 बजे जेल के गेट पर बहनों का रजिस्ट्रेशन करना शुरू कर दिया था। बहनों द्वारा जेल के अंदर आकर करीब 8 बजे अपने भाईयों को राखी बांधना शुरू कर दिया गया और शाम तक बहनों द्वारा जेल में आकर अपने भाईयों को राखी बांधी गई। उन्होंने बताया कि जैसे-जैसे रजिस्ट्रेशन होता रहा, बहनों को अंदर 10-10 के बैच में जेल के अंदर भेजते रहे और बहनें अपने भाईयों को राखी बांधती रही। जेल अधीक्षक संजीव कुमार द्वारा रक्षाबंधन पर राखी बांधने आने वाली बहनों के लिये सभी इंतजाम किए गये थे जिसकी सभी महिलाओं ने खुले मन से जेल प्रशासन की सराहना की।

Comments