आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज में एच.आई.वी./एड्स जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न
BOL PANIPAT : आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय के रेड रिबन क्लब के तत्वावधान में आज अन्तर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर “एच.आई.वी./एड्स जागरूकता कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हरियाणा राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी, पंचकुला द्वारा प्रायोजित सघन सूचना, शिक्षा व संचार अभियान के अन्तर्गत 12 अगस्त से 10 सितम्बर तक होने वाले कार्यक्रमों के तहत जिला नोडल अधिकारी, एच.आई.वी./एड्स, पानीपत के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ शशि प्रभा मलिक ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में एड्स जैसी व्याधि को लेकर अनेक भ्रान्तियाँ व्याप्त हैं। केवल जागरूकता ही वह साधन है जिससे हम इस रोग से स्वयं को सुरक्षित रख सकते हैं और दूसरों को भी सुरक्षित जीवन प्रदान कर सकते हैं। युवावर्ग यदि संकल्पपूर्वक इस दिशा में जागरूकता फैलाये तो समाज निश्चय ही रोगमुक्त एवं सशक्त बन सकता है।
विशिष्ट वक्ता अंजु, जिला परामर्शदाता, ई.एस.आई., पानीपत ने छात्रों को एच.आई.वी./एड्स के कारण, लक्षण एवं निवारण के उपायों की जानकारी देते हुए कहा कि
इस रोग से भयभीत होने की नहीं, अपितु सजग रहने की आवश्यकता है। सही जानकारी, स्वस्थ आचरण एवं परस्पर सहयोग ही इस संक्रमण से बचाव के प्रमुख उपाय हैं।उन्होंने विद्यार्थियों को सरकार द्वारा HIV एड्स संबंधी सलाह व जिज्ञासा हेतु निर्धारित टोल फ़्री नंबर 1097 से अवगत कराया । साथ ही संबंधित समस्या या आशंका की स्थिति में परीक्षण व उपचार हेतु राजकीय अस्पताल, पानीपत में कक्ष संख्या 24 व ईएसआई अस्पताल में कक्ष संख्या 25 में जाने की सलाह भी दी।
रेड रिबन क्लब के संयोजक डॉ विक्रम कुमार ने अपने विचार प्रकट करते हुए कहा कि रेड रिबन क्लब सदैव युवाओं को सामाजिक उत्तरदायित्व एवं स्वास्थ्य जागरूकता से जोड़े रखने के लिए कार्यरत है। आज का यह आयोजन उसी दिशा में एक महत्त्वपूर्ण पहल है। विद्यार्थियों को इस विषय पर संकल्पित होना होगा कि वे स्वयं भी सजग रहें और समाज को भी सजग करें। साथ ही उन्होंने आगन्तुकों के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रमसमाप्ति की घोषणा की । कार्यक्रम के पश्चात् परीक्षण हेतु इच्छुक श्रोताओं के लिए HIV टेस्टिंग किट भी उपलब्ध रहीं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की तथा प्रश्नोत्तर एवं संसाधन साझा सत्र में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में मंच संचालन डॉ अंजलि ने किया । नीलम थरेजा एवं अन्नु ने समन्वयक व प्रो मोहित ने टेक्नीशियन के रूप में कार्य किया।कार्यक्रम में डॉ सुनित शर्मा, डॉ निधान सिंह, प्रो पवन कुमार, प्रो अजयपाल, डॉ नेहा पूनिया,डॉ वसुंधरा,प्रो अंजूश्री,प्रो रजनी व प्रो स्वाति उपस्थित रहे।

Comments