Saturday, April 25, 2026
Newspaper and Magzine


जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान अधिकारियों की नैतिक जिम्मेदारी: एसडीएम मनदीप कुमार

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 8, 2025 Tags: , , , , ,

-शिकायतकर्ता को मिले संतोषजनक समाधान: निगम संयुक्त आयुक्त डॉ संजय

-शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा: डीएसपी सतीश वत्स

-पेंशन से जुड़ी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करें: डीडीपीओ राजेश शर्मा

BOL PANIPAT , 8 सितंबर। जिला सचिवालय सभागार में सोमवार को आयोजित जनता समाधान शिविर में शिविर की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि जनता की शिकायतों पर संज्ञान लेना और उनका उचित समाधान करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की देरी न करते हुए शिकायतों का निस्तारण तुरंत किया जाए। एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि सरकार और प्रशासन जनता के लिए ही बने हैं और यदि जनता की समस्याओं को समय पर नहीं सुना गया तो प्रशासन का उद्देश्य ही अधूरा रह जाएगा। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना ही उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

    शिविर में निगम संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय ने कहा कि जो भी शिकायतें इस शिविर में दर्ज की गई हैं, उन पर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को समझाते हुए कहा कि यदि शिकायतें बार-बार दोहराई जाती हैं, तो इसका अर्थ है कि उन पर सही ढंग से कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी नियमित रूप से फॉलो-अप लें और यह सुनिश्चित करें कि शिकायतकर्ता को संतोषजनक समाधान मिले। डॉ. संजय ने कहा कि नगर निगम से संबंधित अधिकांश शिकायतें सफाई व्यवस्था, सीवर से जुड़ी होती हैं। इन समस्याओं का समय पर निस्तारण करना आवश्यक है ताकि नागरिकों का भरोसा प्रशासन पर कायम रहे।

        जनता समाधान शिविर में उप पुलिस अधीक्षक (हेड क्वार्टर) सतीश वत्स ने भी विभागीय जिम्मेदारी का परिचय देते हुए कहा कि पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा। डीएसपी ने कहा कि जनता की अपेक्षा है कि पुलिस तुरंत कार्रवाई करे। इसलिए थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ प्रतिक्रिया दें। साथ ही, यह भी सुनिश्चित करें कि किसी भी पीडि़त को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि तभी सकारात्मक बनेगी जब शिकायतकर्ता को त्वरित न्याय मिलेगा।

  शिविर मे जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) राजेश शर्मा ने ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित शिकायतों पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि गांवों से आई समस्याओं के समाधान में देरी किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। ग्रामीण जनता की उम्मीदें प्रशासन से बहुत बड़ी होती हैं और उनकी शिकायतों को प्राथमिकता के साथ समाधान कराना जरूरी है। डीडीपीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांवों में पानी, बिजली और पेंशन से जुड़ी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कई बार ग्रामीण बुजुर्ग और महिलाएं शिकायत लेकर आती हैं और उनके लिए लंबे समय तक इंतजार करना कठिन होता है। इसलिए इन मामलों का निपटारा तुरंत होना चाहिए।

  शिविर के दौरान दर्ज की गई 39 शिकायतों में क्रीड विभाग, पुलिस विभाग और पेंशन विभाग से संबंधित मामले आए। अधिकारियों ने इन सभी शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया। एसडीएम ने शिविर में उपस्थित सभी विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे शिकायतों का समाधान अत्यंत शीघ्रता से करें और इसकी रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि जनता समाधान शिविर का उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज करना नहीं है, बल्कि उनका निस्तारण करना ही असली मकसद है।

  प्रार्थी मामन वासी नांगल खेड़ी ने प्रशासन से अनुरोध किया कि उन्हें दिव्यांग बच्चे को स्कूल से घर लाने जाने के लिए परमिशन दी जाए। ओड इवन नियम लागू होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रार्थी अमनदीप वासी इसराना ने खेतों से पानी निकलवाने का प्रशासन से अनुरोध किया उन्होंने ड्रेन की सफाई करवाने के लिए भी प्रार्थना की। प्रार्थी प्रेमलता वासी समालखा ने अवैध अतिक्रमण हटवाने को लेकर के प्रशासन से अनुरोध किया।  प्रार्थी सुशीला वासी मनाना ने जन्म प्रमाण पत्र उपलब्ध करवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया।

      प्रार्थी बिल्लू, शिवम, गणेश राजवीर माला आदर्श राजकुमार सुमन ने प्रशासन से वार्ड 19 में राशन डिपो सप्लाई करवाने के लिएअनुरोध किया। प्रार्थी प्रार्थी गोपाल कृष्ण ने रुकी हुई पेंशन दिलवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया। प्रार्थी यशपाल ने मोटरसाइकिल के साथ रेहड़ी जोडक़र कमर्शियल कार्य करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की प्रशासन से प्रार्थना की। प्रार्थी नरेंद्र कुमार पासी समालखा ने प्लाट का इंतकाल करवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया। प्रार्थी वजीर सिंह, कुलदीप और सरोज ने गांव राजाखेड़ी में गली बनवाने के लिए प्रशासन से प्रार्थना की। इस मौके पर डीडीए आत्माराम गोदारा, डीएचओ शार्दूल शंकर, डॉ. बबीता इएसआईं,आर टी ए विभाग से पूजा, डीएमईओ महावीर, मत्स्य अधिकारी मदन मोहन, एसडीओ सूबे सिंह के अलावा पुलिस  कंप्लेंड अधिकारी सुरेश, संजीव शर्मा और  जोगिंदर के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Comments