पानीपत में रोजगार सहायता शिविर का आयोजन 17 सितंबर से
युवाओं को सरकारी योजनाओं, नौकरियों और करियर मार्गदर्शन की मिलेगी जानकारी: रितु चहल
BOL PANIPAT , 17 सितंबर। मुख्यमंत्री नायब सिंह के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 17 सितंबर से रोजगार सहायता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला रोजगार कार्यालय की ओर से यह शिविर 18 सितंबर को जिला रोजगार कार्यालय परिसर, पानीपत में लगाया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी रितु चहल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं को रोजगार निदेशालय द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं गतिविधियों से अवगत कराना है। साथ ही प्रतिभागियों को स्वावलंबन और रोजगार की दिशा में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना भी इस पहल का अहम हिस्सा है।
शिविर में आने वाले युवाओं से अनुरोध किया गया है कि वे अपना बायोडाटा, रोजगार पंजीकरण संख्या, शैक्षणिक योग्यता से संबंधित दस्तावेज़ तथा पहचान पत्र साथ लेकर पहुंचें। उन्होंने बताया कि युवाओं की सुविधा के लिए शिविर में करियर काउंसलिंग, व्यावसायिक मार्गदर्शन केंद्र, सरकारी नौकरियों की जानकारी देने वाला करियर डेस्क और योजनाओं की जानकारी देने वाले काउंटर लगाए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों और संस्थानों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे, जो प्रतिभागियों को रोजगार व स्वरोजगार से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराएंगे। जिला रोजगार अधिकारी ने अधिक से अधिक युवाओं से अपील की है कि वे इस रोजगार सहायता शिविर में भाग लेकर अपने भविष्य को नई दिशा दें।

Comments