Wednesday, September 2, 2026
Newspaper and Magzine


जुलाई में पानीपत में होगा राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण, नागरिकों से मांगा पूरा सहयोग

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 17, 2026 Tags: , , , , ,

सही जानकारी से बनेंगी बेहतर योजनाएं, एनएसओ ने शुरू किया जन जागरूकता अभियान

प्रशिक्षित अधिकारी करेंगे घर-घर और प्रतिष्ठानों का सर्वे

सभी सूचनाएं रहेंगी पूरी तरह गोपनीय

राष्ट्र निर्माण में निभाएं अपनी भागीदारी, सर्वेक्षण टीम को सही व पूर्ण जानकारी देने की अपील

BOL PANIPAT : 17 जुलाई। भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यम कार्यान्वयन मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ), क्षेत्र संकार्य प्रभाग (एफओडी) द्वारा जुलाई के दौरान जिले में विभिन्न राष्ट्रीय स्तर के सर्वेक्षण किए जाएंगे। इन सर्वेक्षणों को लेकर विभाग ने आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नागरिकों, किसानों, उद्यमियों और विभिन्न संस्थानों से सर्वेक्षण दल को पूरा सहयोग देने तथा सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है।

  विभागीय प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय वर्ष 1950 से देशभर के परिवारों एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों से सामाजिक एवं आर्थिक आंकड़े एकत्रित कर रहा है। इन आंकड़ों का उपयोग केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा विकास योजनाएं बनाने, जनकल्याणकारी नीतियां तैयार करने तथा आर्थिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में किया जाता है। वर्षों से एकत्रित आंकड़ों ने देश में नीति निर्माण और विकास योजनाओं को मजबूत आधार प्रदान किया है।

प्रवक्ता के अनुसार, जुलाई 2026 के दौरान एनएसओ (एफओडी) द्वारा राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण संचालित किया जाएगा। इस सर्वेक्षण का उद्देश्य देश के विभिन्न वर्गों एवं क्षेत्रों की आय की वास्तविक स्थिति का आकलन करना, आय के वितरण को समझना तथा भविष्य की प्रभावी आर्थिक और सामाजिक नीतियां तैयार करने में सरकार की सहायता करना है।

इसके अतिरिक्त जुलाई माह में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण, ऑल इंडिया डेट एंड इन्वेस्टमेंट सर्वे, राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण के 81वें राउंड के अंतर्गत कृषि परिवारों की स्थिति आकलन सर्वेक्षण, माइग्रेशन सर्वेक्षण सहित अन्य महत्वपूर्ण सर्वेक्षण भी किए जाएंगे। वहीं सेवा क्षेत्र के निगमित उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण भी जारी रहेगा। इसके साथ ही थोक मूल्य सूचकांक, उत्पादक मूल्य सूचकांक तथा औद्योगिक उत्पादन सूचकांक से संबंधित आंकड़े भी एकत्रित किए जाएंगे।

  ध्यान रहे कि सर्वेक्षण का कार्य केवल प्रशिक्षित अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। अधिकारी आधुनिक ई-सिग्मा प्रणाली से जुड़े टैबलेट एवं सुरक्षित डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते हुए वैज्ञानिक नमूना चयन पद्धति के आधार पर चयनित परिवारों, गांवों, शहरी क्षेत्रों और प्रतिष्ठानों का दौरा करेंगे। घरेलू सर्वेक्षण में जानकारी परिवार के मुखिया अथवा किसी जिम्मेदार सदस्य से तथा उद्यम सर्वेक्षण में संबंधित प्रतिष्ठान के स्वामी या अधिकृत प्रतिनिधि से प्राप्त की जाएगी।

विभाग प्रवक्ता ने यह भी भरोसा दिलाया कि सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त की गई सभी जानकारियां पूर्णत: गोपनीय रखी जाएंगी। किसी भी परिवार, व्यक्ति अथवा प्रतिष्ठान की पहचान किसी रिपोर्ट या प्रकाशित आंकड़ों में उजागर नहीं की जाएगी। एकत्रित जानकारी का उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों और नीति निर्माण के लिए किया जाएगा। जिला पानीपत में जुलाई माह के दौरान विभिन्न चयनित गांवों एवं शहरी क्षेत्रों में यह सर्वेक्षण किया जाएगा। इसके लिए एनएसओ के अधिकारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लोगों से संपर्क करेंगे।

राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने जिले के सभी नागरिकों, किसानों, व्यापारियों, उद्योग संचालकों एवं अन्य संबंधित लोगों से अपील की है कि वे सर्वेक्षण अधिकारियों का स्वागत करें, उन्हें सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा राष्ट्रहित के इस महत्वपूर्ण कार्य में सक्रिय सहयोग दें। विभाग  प्रवक्ता ने कहा कि जनसहभागिता से प्राप्त सटीक आंकड़े ही प्रभावी योजनाओं, बेहतर विकास और समावेशी नीति निर्माण की मजबूत आधारशिला बनते हैं।

Comments