आर्य कॉलेज की एनएसएस इकाई द्वारा करवाया गया रक्तदान शिविर का आयोजन
– रक्तदान मानवता की सर्वोत्तम सेवा है – डॉ. जगदीश गुप्ता
BOL PANIPAT – शुक्रवार, 26 सितंबर 2025, आर्य पीजी कॉलेज में शुक्रवार को महाविद्यालय की एनएसएस इकाई, रोटरी क्लब पानीपत रॉयल एवं रेडक्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम, पानीपत की महापौर कोमल सैनी ने शिरकत की। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीषा डुडेजा व प्रा. आस्था गुप्ता ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने शिविर के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय की एनएसएस इकाई, रोटरी क्लब पानीपत के पदाकारियों को बधाई दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वोत्तम सेवा है, जो किसी भी ज़रूरतमंद की जान बचाने में सहायक होता है। उन्होंने कहा कि रक्तदाता एक सच्चा नायक होता है और रक्तदान केवल दयालुता का कार्य नहीं है बल्कि यह मानवता के लिए एक सीधा योगदान है। कॉलेज प्राचार्य ने विद्यार्थियों के इस सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को ऐसे शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए साथ ही अपने आस-पास के अन्य लागों को भी रक्तदान करने के लिए प्रेरित करना चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रत्येक रक्तदाता को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने रोटरी क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार जताया।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीषा डुडेजा व आस्था गुप्ता ने सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि नियमित रक्तदान करने से स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है तथा समाज में सहयोग की भावना बढ़ती है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि रक्तदान शिविर में कुल 43 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। उन्होंने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि रक्तदान के साथ-साथ विद्यार्थियों को 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ के संदेश के साथ रक्तदान की ऑनलाइन एवं भौतिक रूप से शपथ भी दिलाई गई।
वहीं, रक्तदान शिविर में इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. विजय सिंह ने उल्लेखनीय रूप से 44वीं बार रक्तदान किया।
जिला रेडक्रॉस सोसाइटी से पहुंची डॉ. पूजा सिंघल ने बताया कि रक्तदाताओं का पंजीकरण ई-रक्तकोष पोर्टल पर ऑनलाइन माध्यम से भी किया गया है।
इस अवसर पर प्रो. विवेक गुप्ता, प्रो. अमित, प्रो. राजेंद्र सिंह, प्रो. राजा तोमर, प्रो. रवि, प्रो. अनुराग, प्रो. नवीन, प्रा. अनामिका गुप्ता तथा विभूति गोयल सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Comments