Saturday, April 25, 2026
Newspaper and Magzine


मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की पहल पर आमजन को राहत. जनता समाधान शिविर में 42 शिकायतें दर्ज.

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 9, 2025 Tags: , , , ,

-फैमिली आईडी, पेंशन और पुलिस मामलों पर मिला त्वरित समाधान

-अधिकारी मौके पर ही दे रहे हैं समाधान के निर्देश

BOL PANIPAT , 9 अक्टूबर। हरियाणा सरकार आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता पर लेकर उनके समाधान हेतु जनता समाधान शिविरों का आयोजन कर रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की दूरदर्शी सोच और जनसेवा सर्वोपरि दृष्टिकोण के तहत जिला और उपमंडल स्तर पर आयोजित इन शिविरों में प्रशासनिक अधिकारी मौके पर ही नागरिकों की शिकायतें सुनते हैं और त्वरित समाधान सुनिश्चित करते हैं। इसी क्रम में गुरुवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जनता समाधान शिविर में कुल 42 शिकायतें दर्ज की गईं।
  शिविर में दर्ज अधिकांश शिकायतें फैमिली आईडी में आय कम कराने, विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन शुरू कराने, पुलिस से जुड़ी समस्याओं, राशन कार्ड चालू कराने और आधार कार्ड से संबंधित रहीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत संबंधित विभागों को समाधान के निर्देश दिए और कुछ मामलों में मौके पर ही कार्रवाई शुरू कर दी गई।
    शिविर में कमलेश ने वर्षों से लंबित राशन कार्ड चालू करवाने की मांग रखी। अधिकारियों ने संबंधित विभाग को जांच के बाद तुरंत प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। नीलम, निवासी चुलकाना, ने पति की मृत्यु के बाद विधवा पेंशन की मांग की, जिस पर सामाजिक न्याय विभाग को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कुराना निवासी महा सिंह ने आधार कार्ड बनवाने हेतु आवेदन दिया, जिसे मौके पर ही अधिकारियों को सौंपा गया। सींक गांव के रमेश कुमार ने अपनी बेटी राखी के लापता होने की जानकारी देते हुए पुलिस से सहयोग की अपील की। पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बॉक्स
जनता समाधान शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से बचाना और एक ही स्थान पर कई विभागों से जुड़ी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। इन शिविरों में नागरिकों को न केवल अपनी शिकायतें दर्ज करवाने का मौका मिलता है, बल्कि कई मामलों में उसी समय समाधान भी मिल जाता है।

वास्तविकता यह है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रारंभ की गई यह पहल न केवल प्रशासन को जनता के और करीब ला रही है, बल्कि भ्रष्टाचार पर लगाम और गवर्नेंस में पारदर्शिता की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। जनता से सीधे संवाद और समाधान केंद्रित प्रशासनिक व्यवस्था से नागरिकों का सरकार और प्रशासन पर विश्वास बढ़ा है। शिविर में जिला परिषद सीईओ डॉ. किरण सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी  राजेश शर्मा, पुलिस उप अधीक्षक सतीश वत्स, डीएचओ शार्दुल शंकर, जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता करण बहल, डीपीओ परमिंदर कौर, सहायक रोजगार अधिकारी विनीता, कोच सुषमा, नोडल अधिकारी संजीव शर्मा, जोगिंदर समेत कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments