खेती को रोजगारपरक बनाने के लिए सरकार कृतसंकल्पः ढांडा
ऑनलाइन सिस्टम से योजनाओं में आई पारदर्शिता
सीआरएम स्कीम के लाभार्थियों को डमी चैक वितरित
किसान सरकार की योजनाओं से जुड़कर लाभ उठाएं
BOL PANIPAT , 15 जनवरी। पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांडा ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार मिलकर किसानों की आय बढ़ोतरी के लिए लगातार प्रयासरत हैं और कृषि को रोजगार का सबसे बड़ा हब बनाने की दिशा में काम कर रही है। आज ऑनलाइन सिस्टम अपनाने से विभिन्न योजनाओं के कार्यान्वयन में पारदर्शिता आई है जिसके फलस्वरूप किसान को संबंधित योजना का पूरा लाभ उसके बैंक खाते में ही प्राप्त हो जाता है। इसके लिए कृषि विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों का प्रयास भी सराहनीय है। ढांडा रविवार को नई अनाज मंडी पानीपत स्थित खंड कृषि कार्यालय में फसल अवशेष प्रबंधन योजना के अंतर्गत विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान के लाभार्थी किसानों को वैकल्पिक चैक वितरण समारोह में पहुंचे किसानों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि वे खुद एक किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं और किसानों को आने वाली विभिन्न समस्याओं से भली-भांति वाकिफ हैं। इसलिए किसानों की समस्याओं को दूर करवाने और उनकी आय में बढ़ोतरी के लिए सरकार से पुरजोर पैरवी करते हैं जिसके फलस्वरूप आज प्रदेश में किसानों को सरसों, बाजरा, चना, मूंग आदि फसलों के दाम लगभग दो गुणा तक मिल रहे हैं। उन्होंने किसानों का आह्वान किया कि वे मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर अपनी फसलों का पंजीकरण अवश्य करवाएं, क्योंकि सरकार की जो भी योजनाएं चलती हैं, वह सभी इसी पोर्टल से जुड़ी हैं और उन्हें योजनाओं का लाभ भी तभी मिलेगा जब उनका पंजीकरण होगा।
विधायक महिपाल ढांडा ने किसानों से अपील की कि वे खेती में जहरीले कीटनाशक व खाद आदि का प्रयोग करने की बजाय प्राकृतिक खेती को अपनाने पर जोर दें। आज प्राकृतिक खेती में रोजगार की असीम संभावनाएं हैं।
जिले में 275 कृषि यंत्रों पर 3.5 करोड़ का अनुदानः डॉ. वजीर
उप कृषि निदेशक डॉ. वजीर सिंह ने बताया कि फसल अवशेष प्रबंधन योजना के अंतर्गत चालू वर्ष 2022 के लिए किसानों से 31 अगस्त 2022 तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। कुल 423 कृषि यंत्रों पर आवेदन प्राप्त हुए। लक्ष्य से अधिक आवेदन आने पर जिला उपायुक्त द्वारा गठित कमेटी के माध्यम से ड्रा किया गया जिसमें 275 कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए किसानों का चयन किया गया। उन्होंने बताया कि इन कृषि यंत्रों का पूर्ण पारदर्शिता के साथ भौतिक सत्यापन करवाया गया है और जल्द ही सभी किसानों को अनुदान राशि डीबीटी या पीएफएमएस पोर्टल के माध्यम से उनके बैंक खाते में डाल दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि फसल अवशेष प्रबंधन योजना जिला पानीपत में काफी सफल रही है जिसके फलस्वरूप पानीपत जिले में जहां पिछले वर्ष फसल अवशेषों में आगजनी की 252 घटाएं दर्ज हुई थी, वहीं इस वर्ष केवल 85 घटनाएं दर्ज की गई।
उन्होंने विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को विश्वास दिलाया कि पूरी पारदर्शिता के साथ सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक लाभार्थी किसान तक पहुंचाया जाएगा।
इससे पूर्व कार्यक्रम में पहुंचने पर पुष्पगुच्छों से विभाग के अधिकारियों द्वारा मुख्य अतिथि विधायक महिपाल ढांडा का स्वागत किया गया। इस अवसर पर सहायक पौधा संरक्षण अधिकारी डॉ. राजेश भारद्वाज, सहायक कृषि अभियंता सुधीर कुमार, खंड कृषि अधिकारी विजेन्द्र सिंह, तकनीकी सहायक राजीव कुमार, कृषि विकास अधिकारी राकेश कुमार, तेलूराम, विकास त्यागी, आजाद कुमार, दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।

Comments