Saturday, April 18, 2026
Newspaper and Magzine


जो अधिकारी अपने कार्य में कोताही बरतेंगे. उनके खिलाफ कार्यवाही निश्चित रूप से होगी: उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 29, 2025 Tags: , , , , ,

-सडक़ सुरक्षा और स्वच्छ मार्ग प्रशासन की प्राथमिकता

-शहर को जाम मुक्त और सुरक्षित बनाना हमारी जिम्मेदारी: एसपी भूपेंद्र सिंह

-दुर्घटना संभावित स्थानों पर सीसीटीवी  कैमरे लगाए जाएं

BOL PANIPAT , 29 अक्टूबर। जिला सचिवालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया की अध्यक्षता में सडक़ सुरक्षा समिति और सुरक्षित स्कूल वाहन नीति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में 25 सूत्रीय एजेंडा पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ जिले में सडक़ सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को और सुदृढ़ बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए ।
    बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि दुर्घटनाओं में कमी लाना, सडक़ों को दुरुस्त रखना और स्वच्छ मार्ग बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टूटी हुई सडक़ों की तुरंत मरम्मत कराई जाए और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सीसीटीवी  कैमरे लगाए जाएं।
  डॉ. दहिया ने कहा कि ऑटो रिक्शा स्टैंड, जल निकासी जैसी व्यवस्थाओं में सुधार लाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट में कैमरे लगाए जाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई है ताकि रात के समय भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके। उपायुक्त ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जो अधिकारी अपने कार्य में कोताही बरतेंगे, उनके खिलाफ कार्यवाही निश्चित रूप से होगी। उन्होंने चौटाला रोड पर स्पीड लिमिट साइन बोर्ड लगाने, गाज बढ़ गांव के सामने बने फुट ब्रिज के नीचे दोनों तरफ कैमरे लगाने और बाबरपुर मंडी फ्लाईओवर पर निगरानी कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, एनएच-44 पर वाइडनिंग (चौड़ीकरण) का कार्य शीघ्र पूरा करने और सिवाह नहर के पास रेलिंग लगाने के भी निर्देश दिए।
    डॉ. दहिया ने मलिक पेट्रोल पंप से महाराजा अग्रसेन चौक सेक्टर-25 तक की सडक़ की मरम्मत करने और कुराड गांव मार्ग को एक सप्ताह के भीतर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर विभाग अपने-अपने दायित्व को समयबद्ध तरीके से पूरा करे। बैठक में ढींडार गांव से आई ओ सीएल तक  सडक़ निर्माण के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि टेंडर अलॉटमेंट के बाद कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उपायुक्त ने इस पर शीघ्रता लाने के आदेश दिए।
    बैठक में एनएचएआई अंबाला के प्रतिनिधि ने बैठक में बताया कि सीसी बैरियर का कार्य एक महीने में पूर्ण कर लिया जाएगा, जिस पर उपायुक्त ने कहा कि इसमें और तेजी लाई जाए ताकि जनता को राहत मिले। उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया ने जिले में चल रही सभी बसों की जांच कराने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक बस चालक के आई-कार्ड जारी हों और स्कूल बसों की फिटनेस व सुरक्षा मानकों की नियमित जांच की जाए।
उपायुक्त ने टोइंग वैन और हाइड्रोलिक क्रेन की खरीद प्रक्रिया की स्थिति की जानकारी भी ली और कहा कि अवैध पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। उपायुक्त ने एनएच-44 के कट खोलने और गलत पार्किंग की समस्या पर भी अधिकारियों से चर्चा की और कहा कि अनधिकृत वाहन तुरंत उठाकर निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े किए जाएं।
    बैठक में ऑटो रिक्शा स्टैंड , शहर में रेहडिय़ों के लिए अलग स्थान निर्धारित करने, तथा गुरुद्वारा लालो भाई के सामने बने अस्थाई शौचालय को हटाने से संबंधित अद्यतन स्थिति पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने रिंग रोड से संबंधित प्रस्ताव पर प्रशासन को शीघ्र आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
    डॉ. दहिया ने कहा कि प्रशासन जनता की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उपायुक्त ने कहा कि सडक़ें केवल यातायात का माध्यम नहीं बल्कि विकास की रेखा हैं। हमारा लक्ष्य है कि पानीपत की हर सडक़ सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम हो। प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ जनता के हित में कार्य कर रहा है।
  पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि शहर की कानून-व्यवस्था को मजबूत रखना, भ्रष्टाचार पर लगाम लगाना और शहर को जाम मुक्त बनाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन सडक़ सुरक्षा अभियानों को जन आंदोलन का रूप देने के लिए स्कूलों और सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर काम कर रहा है नशे को जड़ से समाप्त करने को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। हमारा लक्ष्य सिर्फ नियम बनाना नहीं, बल्कि उन्हें जनता के सहयोग से लागू करना है।
    प्रशासन की इस बैठक से स्पष्ट संकेत मिला है कि जिला प्रशासन सडक़ सुरक्षा, स्वच्छता और सुचारू यातायात व्यवस्था के प्रति पूरी तरह गंभीर और सक्रिय है। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त डॉक्टर पंकज, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन , नगराधीश टीनू पोसवाल डीसीपी ट्रैफिक सुरेश सैनी, आर टी ओ डॉ नीरज जिंदल,जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुभाष भारद्वाज के अलावा
विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और उन्होंने अपने-अपने स्तर पर सुझाव प्रस्तुत किए।

Comments