फसल अवशेष प्रबंधन को बढ़ावा देना सरकार का मुख्य उद्देश्य: उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया
-कृषि यंत्रों पर अनुदान हेतु किसानों का ऑनलाइन ड्रा 11 नवंबर को
BOL PANIPAT : 10 नवंबर। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए कृषि यंत्रों पर अनुदान देने हेतु किसानों के चयन का ऑनलाइन ड्रा 11 नवंबर को दोपहर 12 बजे आयोजित किया जाएगा। फसल अवशेष प्रबंधन को बढ़ावा देने सरकार का मुख्य उद्देश्य है।
उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने बताया कि विभागीय पोर्टल पर इस योजना के अंतर्गत 20 अगस्त 2025 तक किसानों से आवेदन प्राप्त किए गए थे। योजना के तहत फसल अवशेष प्रबंधन को प्रोत्साहन देने के लिए विभिन्न कृषि यंत्रों पर सब्सिडी दी जाएगी।
उप कृषि निदेशक डा. आत्मा राम गोदारा ने जानकारी दी कि जिले में कुल 1104 आवेदन प्राप्त हुए हैं। अधिक से अधिक किसानों को योजना का लाभ देने के लिए राज्य सरकार ने शेष पात्र आवेदकों के चयन हेतु ऑनलाइन ड्रा का निर्णय लिया है।
सहायक कृषि अभियंता सुधीर कुमार ने बताया कि जिन किसानों का चयन बेलर मशीन हेतु होगा, वे स्ट्रा-रेक एवं सर्व-मास्टर कृषि यंत्रों पर सब्सिडी का लाभ उठा सकेंगे। यदि किसी किसान के दस्तावेजों में कमी या गलत जानकारी पाई गई, तो वह किसान अनुदान के पात्र नहीं होगा। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए किसान उप कृषि निदेशक कार्यालय अथवा सहायक कृषि अभियंता कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

Comments