निबंध लेखन प्रतियोगिता में ऋतिक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया.
BOL PANIPAT : आई.बी.पी.जी. कॉलेज, पानीपत के वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग में एम.कॉम. अंतिम वर्ष की छात्राओं के लिए “ग्रामीण और शहरी विपणन के अंतर को पाटने में प्रौद्योगिकी की भूमिका” विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में लेखन कौशल, विश्लेषणात्मक सोच तथा समसामयिक विषयों की गहन समझ विकसित करना था। कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने इस अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “आज के युग में प्रौद्योगिकी केवल सुविधा का साधन नहीं, बल्कि सामाजिक समानता और विकास का माध्यम बन चुकी है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे तकनीक का उपयोग समाज के हर वर्ग तक ज्ञान और अवसर पहुँचाने के लिए करें। ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और अभिव्यक्ति दोनों को सशक्त बनाती हैं।” वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सुनित शर्मा ने कहा कि “तकनीक ने ग्रामीण और शहरी बाजारों के बीच की दूरी को पाटने में अहम भूमिका निभाई है। आज डिजिटल माध्यमों ने विपणन के नए आयाम स्थापित किए हैं। विद्यार्थियों को इन परिवर्तनों को समझकर भविष्य की व्यावसायिक चुनौतियों के लिए तैयार रहना चाहिए। इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ उनकी सोच को व्यापक बनाती हैं।” यह प्रतियोगिता क्लास मेंटर प्रो. रुहानी शर्मा द्वारा आयोजित की गई, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों को विषय की गहराई से सोचने और अपने विचारों को रचनात्मक रूप से व्यक्त करने के लिए प्रेरित करना था। इस प्रतियोगिता में कुल 10 छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने विषय पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए और तकनीक के माध्यम से सामाजिक एवं आर्थिक विकास की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे —प्रथम स्थान प्राप्त किया ऋतिक ने, द्वितीय स्थान मुस्कान ने एवं तृतीय स्थान अंजलि राणा ने प्राप्त किया.
इसके अतिरिक्त, ऋतिका और लावण्या को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विजेता छात्राओं को सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई।
प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि “हर प्रतियोगिता सीखने, आत्मविश्वास बढ़ाने और व्यक्तित्व निखारने का माध्यम होती है। निरंतर प्रयास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।”कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विभागाध्यक्ष डॉ. सुनित शर्मा ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

Comments