Thursday, April 30, 2026
Newspaper and Magzine


डंपर चोरी के मामले में 5 हजार के इनामी आरोपी को सीआईए टू पुलिस टीम यूपी की मुजफ्फरनगर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at January 24, 2026 Tags: , , , , ,

-आरोपी के खिलाफ हरियाणा, यूपी, राजस्थान व दिल्ली में वाहन चोरी, लूट, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट इत्यादी आपराधिक वारदातों के 47 मामले दर्ज है

BOL PANIPAT, 24 जनवरी : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए सीआइए टू पुलिस की टीम डंपर चोरी के मामले में 5 हजार के इनामी आरोपी को शुक्रवार को यूपी की मुजफ्फरनगर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। आरोपी गुलजार निवासी इस्लामनगर खतौली मुजफ्फरनगर चोरी के अन्य मामले में यूपी की मुजफ्फरनगर जेल में बंद था। पुलिस ने शुक्रवार को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया।

सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित सरोहा ने बताया कि मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके दो आरोपियों विद्यानंद कॉलोनी निवासी तारिक व यूपी के सहारनपुर जिले के बोडपुर गांव निवासी महराज ने पूछताछ में फरार अपने साथी आरोपी गुलजार निवासी इस्लामनगर खतौली मुजफ्फरनगर यूपी व एक अन्य साथी आरोपी के साथ मिलकर 15 अगस्त 2022 की रात राजा खेड़ी पेट्रोल पंप से डंपर चोरी करना स्वीकारा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद माननीय न्यायालय में पेश कर जहा से उन्हें जेल भेजने के बाद फरार आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी। आरोपी गुलजार के खिलाफ पहले भी वाहन चोरी समेत आपराधिक वारदातों के काफी मामले दर्ज थे। आरोपी गुलजार को पकड़ने के लिए पुलिस टीम उसके संभावित ठीकानों पर दंबिश दे रही थी। पुलिस पकड़ से बचने के लिए आरोपी ठीकाने बदल बदल कर छुपकर रह रहा था। आरोपी गुलजार की धरपकड़ के लिए पानीपत पुलिस की अनुसंशा पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक करनाल मंडल करनाल की और से मई 2023 में 5 हजार रूपए का इनाम घोषित किया गया था।

प्रभारी इंस्पेक्टर सुमित सरोह ने बताया कि यूपी पुलिस ने आरोपी गुलजार को जानलेवा हमले में एक मामले में गत गिरफ्तार किया था। सूचना मिलने पर सीआईए टू पुलिस की टीम शुक्रवार को आरोपी गुलजार को मुजफ्फरनगर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। पूछताछ में आरोपी गुलजार ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने दो साथी आरोपियों महाराज व तारिक और फरार एक अन्य साथी आरोपी के साथ मिलकर डंपर चोरी की उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी गुलजार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी गुलजार से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही चोरी का डंपर बरामद करने का प्रयास करेगी। आरोपी गुलजार का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी के खिलाफ हरियाणा, यूपी, राजस्थान व दिल्ली में वाहन चोरी, लूट, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट इत्यादी आपराधिक वारदातों के 47 मामले दर्ज है।

यह है डंपर चोरी का मामला

थाना किला में गांव राजा खेड़ी निवासी पन्ना पुत्र कर्णसिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था की वह हाइवा डंपर पर ड्राइवर के रूप में नौकरी करता है। 15 अगस्त 2022 की सायं वह राजा खेड़ी पैट्रोल पंप पर डंपर को खड़ा कर घर चला गया था। सुबह आकर देखा तो डंपर नही मिला। अज्ञात चोर रात के समय डंपर को चोरी कर ले गए। थाना किला में पन्ना की शिकायत पर डंपर चोरी का अभियोग दर्ज कर पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments