एटीएम में लोहे की पत्ती लगाकर ठगी करने का आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 6 मार्च : सीआईए टू पुलिस टीम ने एटीएम मशीन में लोहे की पत्ती लगाकर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान समालखा शिव कॉलोनी निवासी भरत के रूप में हुई है। आरोपी ने बीते रविवार को पहलवान चौक के पास स्थित एक एटीएम मशीन में लोहे की पत्ती लगाकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया था।
सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि थाना किला में कुटानी रोड निवासी आकाश भार्गव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह कुटानी रोड पर पहलवान चौक के पास स्थित एक एटीएम मशीन से 1 मार्च को शाम करीब 7:30 बजे पैसे निकालने गया था। जहा एटीएम मशीन में एक अन्य ग्राहक अपना एटीएम कार्ड लगा पैसे निकाल रहा था, परंतु पैसे निकल नहीं रहे थे। ग्राहक के बाद उसने अपना एटीएम कार्ड मशीन में लगाया और 100 रूपए अमाउंट भरकर पूरी प्रक्रिया की। उसके खाते से रूपए कटने का मैसेज आया परंतु मशीन से रूपए नहीं निकले। अज्ञात व्यक्ति ने मशीने में गड़बड़ कर घोखाधड़ी की है। थाना किला में आकाश भार्गव की शिकायत पर बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी।
प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र ने बताया कि सीआईए टू पुलिस टीम ने अपने सभी सोर्स एक्टिव कर ठगी की उक्त वारदात का पर्दाफास कर वीरवार शाम को एनएफएल गेट नंबर 2 के पास से एक आरोपी को काबू किया। आरोपी की पहचान समालखा शिव कॉलोनी निवासी भरत के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने ठगी करने की उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। पूछताछ में आरोपी से खुलासा हुआ उसने एटीएम मशीन के कैश आउटलेट में लोहे की पत्ती फसाकर निकलने वाले रूपए को रोक दिया था। ग्राहक के जाने के बाद पत्ती को हटाकर पैसे निकाल लिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लोहे की पत्ती बरामद कर शुक्रवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायायल में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।

Comments