हर हाथ को सुरक्षा, हर परिवार को भरोसा: उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया
-बीमा योजनाओं से बढ़ रहा आर्थिक आत्म विश्वास
-कम प्रीमियम में बड़ी सुरक्षा: प्रधानमंत्री बीमा योजनाएं बन रही आमजन का सहारा
-कम खर्च, बड़ा सहारा, प्रधानमंत्री बीमा योजनाओं से मिल रही आमजन को आर्थिक मजबूती
-मुश्किल वक्त में मजबूत ढाल: सस्ती बीमा योजनाएं बदल रही लोगों की जिंदगी
BOL PANIPAT , 23 मार्च। उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाएं
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना वर्तमान में आम नागरिकों के लिए मजबूत आर्थिक सुरक्षा कवच साबित हो रही हैं। इन योजनाओं का मुख्य उद्देश्य कम आय वर्ग सहित सभी नागरिकों को न्यूनतम प्रीमियम पर अधिकतम बीमा सुरक्षा प्रदान करना है।
उपायुक्त डॉ दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के व्यक्ति मात्र 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम देकर 2 लाख रुपये तक का जीवन बीमा कवर प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत 18 से 70 वर्ष तक के नागरिक केवल 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम देकर दुर्घटना बीमा कवर का लाभ उठा सकते हैं।
उपायुक्त डॉ दहिया ने बताया कि इन योजनाओं की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि प्रीमियम का भुगतान बैंक खाते से ऑटो-डेबिट के माध्यम से किया जाता है, जिससे लाभार्थियों को अलग से भुगतान करने की चिंता नहीं रहती और योजना का लाभ निरंतर मिलता रहता है।
लाभ लेने की प्रक्रिया को आसान बताते हुए उपायुक्त ने कहा कि इच्छुक नागरिक अपने नजदीकी बैंक शाखा, जन सेवा केंद्र या ऑनलाइन बैंकिंग माध्यम से इन योजनाओं में नामांकन कर सकते हैं। इसके लिए आवेदक का बचत बैंक खाता होना अनिवार्य है, जो आधार से लिंक होना चाहिए। एक साधारण फॉर्म भरकर और सहमति देने के बाद व्यक्ति योजना से जुड़ सकता है।
डॉ. दहिया ने नागरिकों से अपील की कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जीवन अनिश्चितताओं से भरा है, ऐसे में यह योजनाएं कठिन समय में परिवार को आर्थिक सहारा प्रदान करती हैं। सरकार की यह पहल समाज के हर वर्ग तक सुरक्षा का दायरा बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Comments