हरियाणा सिविल सेवा परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न–उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया
सभी परीक्षा केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए गए थे
BOL PANIPAT , 26 अप्रैल। हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस) एवं अन्य संबद्ध सेवाओं की प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन रविवार को जिले में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया के मार्गदर्शन में प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए।
जिले में बनाए गए 19 परीक्षा केंद्रों पर कुल 5520 अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्था की गई थी। सुबह की में 3177 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 2343 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं, शाम की परीक्षा में 3127 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 2393 परीक्षार्थी अनुपस्थित दर्ज किए गए।
उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए सभी केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई थी तथा पुलिस बल भी तैनात रहा। इसके अलावा, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी गई।
जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने बताया कि प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं जैसे पेयजल, शौचालय और बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। परीक्षा के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली।
उपायुक्त ने परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकी।

Comments