Saturday, May 2, 2026
Newspaper and Magzine


आर्य पीजी कॉलेज के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में होनहार प्रतिभाओं को राष्ट्रीय उपलब्धियों के लिए मिला भव्य सम्मान

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at May 2, 2026 Tags: , , , ,

– शैक्षणिक, सांस्कृतिक व खेलकूद समेत विभिन्न क्षेत्रों में महाविद्यालय का गौरव बढ़ाने वाले 850 से ज्यादा विद्यार्थियों को मिला सम्मान

– कार्यक्रम में पानीपत के उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया, सीएमडी ओपी शर्मा, राकेश बूरा व डॉ. हरविंद्र राणा ने मेधावी विद्यार्थियों को बांटे पुरस्कार।

BOL PANIPAT , शनिवार 02 मई 2026: जीटी रोड स्थित आर्य पीजी कॉलेज में शनिवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पानीपत के उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, वहीं पानीपत के को-ऑपरेटिव बैंक के सीएमडी ओपी शर्मा व कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरूक्षेत्र के युवा एवं सांस्कृतिक विभाग के अधिकारी डॉ. हरविंद्र राणा ने विशिष्ठ अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता आर्य कॉलेज प्रबंधक समिति के प्रधान सुरेंद्र शिंगला ने की।

महाविद्यालय प्रबंधक समिति के उप-प्रधान वीरेंद्र शिंगला, महासचिव सीए कमल किशोर, कोषाध्यक्ष पीयूष आर्य व कॉलेज प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता व उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने महाविद्यालय परिसर में पधारने पर समस्त अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय एवं गरिमामय स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक विधि से दीप प्रज्वलन कर किया गया, जिसके पश्चात् सरस्वती वंदना के मधुर गायन ने पूरे वातावरण को ज्ञान, संस्कार और सकारात्मकता से आलोकित कर दिया।

समारोह में शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद सहित विभिन्न क्षेत्रों में वर्षभर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाने वाले लगभग 850 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। महाविद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक, सृजनात्मक एवं उत्साहपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में ऐसा समां बाँधा कि पूरा समारोह तालियों की गूंज और आनंदमय वातावरण से सराबोर हो उठा।

कार्यक्रम का मंच संचालन प्राध्यापिका डॉ. आस्था गुप्ता एवं प्रो. विजय सिंह द्वारा अत्यंत सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से किया गया।

मुख्य अतिथि, उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि आर्य महाविद्यालय के विद्यार्थी शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की इन उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए महाविद्यालय प्रबंधक समिति, प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता एवं समस्त स्टाफ सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर सकारात्मक सोच के साथ निरंतर आगे बढ़ना चाहिए तथा जीवन में स्थापित मूल्यों एवं अनुशासन का पालन करते हुए श्रेष्ठता प्राप्त करने का सतत प्रयास करना चाहिए। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि शिक्षा केवल आजीविका का साधन ही नहीं, बल्कि यह जीवन को दिशा देने, व्यक्तित्व का निर्माण करने तथा समाज एवं राष्ट्र के विकास हेतु नई संभावनाओं और नवाचारों को जन्म देने का सशक्त माध्यम भी है। अपने संबोधन के अंत के में उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आप भारत देश का उज्ज्वल भविष्य हैं, आपकी यह आयु राष्ट्र के लिए कुछ सकारात्मक, सार्थक एवं प्रेरणादायक कार्य करने के लिए सर्वश्रेष्ठ है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय प्रबंधक समिति के प्रधान सुरेंद्र शिंगला, उप-प्रधान  वीरेंद्र शिंगला महासचिव सीए कमल किशोर व कोषाध्यक्ष पीयूष आर्य ने सभी होनहार विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को न केवल वर्तमान उपलब्धियों पर गर्व करने की सीख दी, बल्कि भविष्य में और अधिक ऊँचाइयों को प्राप्त करने का संकल्प लेने हेतु भी प्रोत्साहित किया।

इस अवसर पर प्रबंधक समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र शिंगला ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नीति विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, कौशल आधारित शिक्षा तथा नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह नीति शिक्षा को अधिक व्यावहारिक, रोजगारोन्मुख एवं आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने में सहायक सिद्ध हो रही है, जिससे विद्यार्थी वैश्विक प्रतिस्पर्धा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

उन्होंने पुरस्कार वितरण समारोह के सफल आयोजन तथा शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद के क्षेत्र में महाविद्यालय की उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता सहित समस्त शिक्षक एवं गैर-शिक्षक वर्ग की विशेष रूप से प्रशंसा की और उनके समर्पण एवं मेहनत की सराहना की।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने महाविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और शैक्षणिक, सांस्कृतिक व खेलकूद के क्षेत्र में महाविद्यालय की उपलब्धियों से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के विद्यार्थी शैक्षणिक, सांस्कृतिक व खेलकूद समेत तमाम क्षेत्रों में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि हासिल कर नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में पहुंचे सभी अतिथिगणों व शहर के गणमान्य व्यक्तियों का आभार प्रकट किया।

डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि महाविद्यालय का सांस्कृतिक गतिविधियों में प्रदर्शन सदैव उत्कृष्ट एवं शानदार रहा है। इस वर्ष महाविद्यालय की समूह नृत्य, वन एक्ट प्ले, नॉन-परकशन एवं क्रिएटिव कोरियोग्राफी टीम ने चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय यूथ फेस्टिवल में प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा नृत्य कलाँ की विधा में ओवरऑल ट्रॉफी जीतकर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि गत वर्ष कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित होने वाले इंटेर-ज़ोनल युवा महोउत्सव का आयोजन भी आर्य कॉलेज द्वारा करवाया गया, जो कॉलेज व प्रबंधन समिति के लिए बड़ा ही हर्ष का विषय है।   

उल्लेखनीय है कि आर्य महाविद्यालय पिछले 9 वर्षो से लगातार प्रदेश स्तरीय रत्नावली महोत्सव में भी ओवरआल ट्रॉफी हासिल कर रहा है व लगातार 20 वर्षों से क्षेत्रीय युवा महोत्सव में ओवरऑल ट्रॉफी विजेता रहा है। खेल के मैदान में भी महाविद्यालय के होनहार खिलाडिय़ों ने खूब जौहर दिखाए और इस वर्ष महाविद्यालय के 250 से भी अधिक खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में जीत हासिल की है। वहीं, पिछले तीन वर्षों में आर्य कॉलेज के 65 खिलाड़ी खेल कोटे के माध्यम से सरकारी नौकरी प्राप्त की है, जो कॉलेज के लिए गर्व का विषय है।

पुरस्कार वितरण समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया और विद्यार्थियों की लाजवाब प्रस्तुति से ओपी शिंगला सभागार तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। हरियाणवी ग्रुप डांस व मीमीक्री ने सभी का मन मोह लिया। प्रस्तुतियां इतनी शानदार थीं कि दर्शकों ने अपने स्थान पर खड़े होकर सभी प्रतिभावान कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और उनके सुखद भविष्य की कामना की।

समारोह में पहुंचे सभी गणमान्य अतिथियों ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई मनमोहक एवं उत्कृष्ट प्रस्तुतियों की भरपूर प्रशंसा की तथा आयोजन को अत्यंत सफल, भव्य, सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायक बताते हुए कार्यक्रम की सराहना की और इसे महाविद्यालय की गरिमा को बढ़ाने वाला एक स्मरणीय आयोजन कहा।

कार्यक्रम के अंत में कॉलेज की उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आर्य महाविद्यालय के विद्यार्थी प्रत्येक क्षेत्र में सर्वांगीण विकास कर रहा है। उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत कर हमें आगे बढऩे के लिए प्रयासरत रहना चाहिए।

इस अवसर पर प्रबंधक समिति के सदस्य निखिल शिंगला, अरूण आर्य,प्रदीप शिंगला, पानीपत जिले के शिक्षा अधिकारी राकेश बुरा व महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं गैर शिक्षक वर्ग के सभी सदस्य मौजूद रहे।  

Comments


Leave a Reply