जनता समाधान शिविर बना आमजन की उम्मीद. हर शिकायत पर प्रशासन सख्त : उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया.
शिकायतों के निस्तारण में प्रशासन पूरी तरह गंभीर
BOL PANIPAT , 4 मई। हरियाणा के यशस्वी मुख्यमंत्री नायब सिंह के कुशल मार्गदर्शन और उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया के दिशा निर्देश पर जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित किए जा रहे जनता समाधान शिविर आमजन के लिए उम्मीद की मजबूत किरण बनकर उभर रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन न केवल जनता की समस्याएं सुन रहा है, बल्कि उनके त्वरित और प्रभावी समाधान को लेकर पूरी गंभीरता के साथ काम कर रहा है।
सोमवार को जिला सचिवालय के सभागार में आयोजित जनता समाधान शिविर में उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने जन शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता समाधान शिविर में दर्ज होने वाली प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि शिविर में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और उनके खिलाफ निश्चित रूप से कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में कुल 16 शिकायतें आई।
उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश हैं कि जनता को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। समाधान शिविर उसी सोच का परिणाम है। हर अधिकारी को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी, लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण तय समय सीमा में किया जाएगा और जनता को राहत दिलाई जाएगी।
शिविर के दौरान एसपी भूपेन्द्र सिंह ने पुलिस विभाग की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि शिकायत दर्ज करना ही नहीं, बल्कि उस पर निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई करना पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस से जुड़ी शिकायतें लंबित न रहें, बल्कि तुरंत कार्रवाई प्रारंभ की जाए, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।
अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने कहा कि जनता समाधान शिविर केवल सुनवाई का मंच नहीं, बल्कि समाधान की गारंटी है। हर शिकायत का त्वरित समाधान किया जाएगा। किसी भी पात्र व्यक्ति को उसका हक मिलने से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

Comments