एसपी भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने लंबित मामलों को लेकर क्राइम यूनिट प्रभारी व उनकी टीम के साथ की समीक्षा बैठक. मामलों में फरार आरोपियों की धरपकड़ के दिए निर्देश
BOL PANIPAT , 15 मई : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में शुक्रवार को लंबित आपराधिक मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को लेकर सीआईए टू व सीआईए थ्री के प्रभारी और कर्मचारियों की विशेष बैठक ली।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बैठक के दौरान विभिन्न मामलों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और संबंधित अनुसंधान अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए। इसके साथ ही मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए जांच कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने स्पष्ट कहा कि किसी भी केस की जांच अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहनी चाहिए। सभी मामलों में तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी कर चालान माननीय न्यायालय में पेश किए जाएं। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन के साथ बेहतर तालमेल भी जरूरी है। पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत होने से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकता है। बैठक में पुलिस अधिकारियों को आम लोगों से संवाद बढ़ाने और सूचनाओं के आदान-प्रदान को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए कहा कि आमजन पुलिस से सुरक्षा और न्याय की उम्मीद रखते हैं। शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता बनाए रखना हर अधिकारी की जिम्मेदारी है। काम में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी, जबकि बेहतर काम करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
बैठक में सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र, सीआईए थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर विजय, एसपी रीडर सब इंस्पेक्टर सुभाष, सुरक्षा शाखा इंचार्ज एएसआई राकेश, स्टेनो राजबीर सहित विभिन्न अनुसंधान अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments