Friday, June 5, 2026
Newspaper and Magzine


मिशन लाइफ़ एवं विश्व पर्यावरण दिवस पर आर्य कॉलेज में हुआ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at June 5, 2026 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT – शुक्रवार 5 जून 2026, आर्य पी.जी. कॉलेज, पानीपत में मिशन (पर्यावरण के लिए जीवनशैली) एवं विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की एनएसएस इकाई द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए औषधीय एवं छायादार पौधे लगाए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली तथा हरित वातावरण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता ने अपने संदेश में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस मनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से मिशन लाइफ़ के सिद्धांतों को अपनाकर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि आर्य कन्या महाविद्यालय, शाहाबाद की एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कविता मेहता ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक आयोजन नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को याद दिलाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन को रोकने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, जल संरक्षण करने तथा एकल-उपयोग प्लास्टिक से बचने का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्राध्यापक पंकज चौधरी ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने जन्मदिन एवं विशेष अवसरों पर पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीषा ढुढेजा ने मिशन लाइफ़ के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास, जैसे जल संरक्षण, ऊर्जा की बचत, प्लास्टिक का कम उपयोग और वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी पर्यावरण संरक्षण में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी आस्था गुप्ता ने कहा कि मिशन लाइफ़ का उद्देश्य लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार जीवनशैली विकसित करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने जन्मदिन, परिवार के विशेष अवसरों एवं सामाजिक कार्यक्रमों पर पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं बल्कि जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर एनएसएस के स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा वृक्षारोपण, पर्यावरण जागरूकता एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई। स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने तथा अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतों को अपनाने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली तथा अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतों को अपनाने का संकल्प लिया। महाविद्यालय परिवार ने इस अवसर पर अधिक से अधिक पौधे लगाने और स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।

Comments


Leave a Reply