इंटर्नशिप कार्यक्रम का शुभारंभ. 132 स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
BOL PANIPAT : आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज, पानीपत के इंटर्नशिप सेल द्वारा प्रगति परिवार समिति, कुरुक्षेत्र के सहयोग से इंटर्नशिप कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के सेमिनार हॉल, साइंस ब्लॉक में किया गया। कार्यक्रम में एम.ए. एवं एम.कॉम. के लगभग 132 स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक शिक्षा तक सीमित नहीं रखना चाहता, बल्कि उन्हें व्यावहारिक अनुभव एवं कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कॉलेज का उद्देश्य विद्यार्थियों को अधिक से अधिक इंटर्नशिप एवं प्रशिक्षण अवसर प्रदान करना है, जिससे वे अपने ज्ञान को व्यवहारिक रूप से उपयोग में ला सकें और भविष्य की चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार कर सकें।
इंटर्नशिप सेल की संयोजिका माधवी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह इंटर्नशिप विद्यार्थियों को सामाजिक परियोजनाओं पर कार्य करने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने, संचार कौशल को सुदृढ़ बनाने तथा टीम भावना के साथ कार्य करने का अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से कार्यक्रम में नियमित रूप से भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सॉफ्ट स्किल्स ट्रेनर शिखा जुनेजा एवं स्किल कोऑर्डिनेटर शालू की मुख्य भूमिका रही। दोनों ने विद्यार्थियों के पंजीकरण, समन्वय, मार्गदर्शन तथा कार्यक्रम के सुचारू संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के महत्व से अवगत कराते हुए इसे अपने व्यक्तित्व विकास और करियर निर्माण के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताया।
इस अवसर पर सहायक प्रो.राजेश बाला, रेखा शर्मा, डॉ.पूजा, सहायक प्रो.राहुल तथा डॉ. बिजेंद्र ने कार्यक्रम के आयोजन एवं व्यवस्थाओं को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। कॉलेज प्रशासन ने सभी सहयोगियों के योगदान की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए इसे सीखने, नेतृत्व विकास, सामाजिक जागरूकता तथा व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का उत्कृष्ट अवसर बताया। अंत में कॉलेज प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि यह इंटर्नशिप कार्यक्रम विद्यार्थियों के कौशल विकास, आत्मविश्वास तथा रोजगारोन्मुख क्षमताओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Comments