विकास, विश्वास और जनसेवा के 12 स्वर्णिम वर्षों की कहानी कह रही भव्य प्रदर्शनी : उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
विकसित भारत की तस्वीर पेश कर रही जनकल्याण प्रदर्शनी, उपलब्धियों से रूबरू हो रहे जिले के नागरिक
देश-प्रदेश के विकास की जीवंत दस्तावेज बनी प्रदर्शनी
तीन दिनों में 800 से अधिक लोगों ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन
BOL PANIPAT , 17 जून। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला सचिवालय परिसर में लगाई गई जनकल्याण प्रदर्शनी इन दिनों आमजन के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र एवं हरियाणा सरकार द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों, जनहितकारी योजनाओं और ऐतिहासिक उपलब्धियों को आकर्षक एवं तथ्यात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
प्रतिदिन जिला सचिवालय में अपने विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले नागरिक प्रदर्शनी का अवलोकन कर देश और प्रदेश की विकास यात्रा से परिचित हो रहे हैं। बड़े-बड़े आकर्षक डिस्प्ले बोर्डों पर बीते 12 वर्षों के दौरान हुए परिवर्तन, विकास परियोजनाओं तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदर्शित की गई है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए व्यापक बदलावों के साथ-साथ हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में संचालित विकास कार्यों को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है।
प्रदर्शनी में जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, डिजिटल इंडिया, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी), प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, खेलो इंडिया, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जन औषधि केंद्र, रेल एवं सड़क अवसंरचना विकास, राष्ट्रीय राजमार्ग विस्तार, मेडिकल शिक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे अनेक महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी में लगाए गए आकर्षक बोर्डों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह के बड़े चित्र आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। आधुनिक डिजाइन, सहज प्रस्तुति और तथ्यात्मक आंकड़ों के कारण यह प्रदर्शनी केवल जानकारी का माध्यम नहीं बल्कि विकसित भारत की संकल्प यात्रा का सशक्त प्रतिबिंब बनकर उभरी है।
प्रदर्शनी में प्रदर्शित आंकड़ों के अनुसार देशभर में डीबीटी के माध्यम से 51 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई गई है, जबकि हरियाणा में यह आंकड़ा 1.16 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। जल जीवन मिशन के तहत देश के लगभग 16 करोड़ घरों और हरियाणा के 30.41 लाख ग्रामीण परिवारों तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाया गया है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से सीधे आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है।
इसके अतिरिक्त आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा, जन औषधि केंद्रों के माध्यम से सस्ती दवाइयों की उपलब्धता, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना द्वारा सौर ऊर्जा को बढ़ावा, डिजिटल भुगतान प्रणाली यूपीआई की सफलता, स्टार्टअप संस्कृति का विस्तार, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन तथा स्वच्छ भारत मिशन के सकारात्मक परिणामों को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल उपलब्धियों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि देश और प्रदेश के विकास की एक जीवंत दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। प्रदर्शनी के माध्यम से आम नागरिकों को यह जानने का अवसर मिल रहा है कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का जनजीवन पर कितना व्यापक और सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
उन्होंने कहा कि जिला सचिवालय में आने वाले प्रत्येक नागरिक को इस प्रदर्शनी का अवलोकन अवश्य करना चाहिए। इससे लोगों को विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी मिलेगी और वे स्वयं भी इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के प्रति जागरूक होंगे। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है और ऐसी प्रदर्शनी जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बनती हैं।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. सुनील बसताड़ा ने बताया कि प्रदर्शनी को आमजन का उत्साहजनक प्रतिसाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मात्र तीन दिनों में 800 से अधिक नागरिक प्रदर्शनी का अवलोकन कर चुके हैं। प्रदर्शनी में आने वाले लोगों की जिज्ञासा और रुचि यह दर्शाती है कि वे सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों के बारे में अधिक जानकारी प्राप्त करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग का उद्देश्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाना है तथा यह प्रदर्शनी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंची सामाजिक कार्यकर्ता कुमारी रंजीता कौशिक ने इसकी सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर देश और प्रदेश की प्रमुख योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी मिलना अत्यंत उपयोगी है। प्रदर्शनी में प्रस्तुत आंकड़े और तथ्य विभिन्न क्षेत्रों में हुए व्यापक विकास को दर्शाते हैं। उन्होंने इस प्रकार की जनजागरूकता प्रदर्शनी आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की प्रशंसा की।
जिला सचिवालय में लगी यह प्रदर्शनी प्रतिदिन सैकड़ों लोगों को आकर्षित कर रही है और विकास, जनकल्याण तथा सुशासन की यात्रा को सरल, रोचक और प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। सचिवालय में पहुंचने वाले लोगों के लिए यह प्रदर्शनी एक महत्वपूर्ण ज्ञानवर्धक दस्तावेज साबित हो रही है, जो उन्हें बीते 12 वर्षों में देश और प्रदेश में हुए परिवर्तन, प्रगति और विकास की व्यापक जानकारी उपलब्ध करा रही है।

Comments