एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के एनसीसी कैडेट्स, खिलाडियों और विद्यार्थियों ने मनाया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026
100 से ज्यादा विद्यार्थियों ने किया अपने प्राध्यापकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास
सक्रिय और बीमारियों से मुक्त जीवन जीने के लिए ‘स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग’ एक सटीक वैश्विक संदेश है: डॉ अनुपम अरोड़ा
BOL PANIPAT , 21 जून. एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 एनसीसी कैडेट्स, कॉलेज के उभरते एवं होनहार खिलाडियों और विद्यार्थियों ने अपने प्राध्यापकों के मार्गदर्शन में उत्साह और गंभीर भाव के साथ मनाया । कॉलेज परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में 100 से अधिक एनसीसी कैडेट्स, खिलाड़ी, विद्यार्थी, प्राध्यापक और एनसीसी अधिकारी शामिल हुए । प्रात: 6 बजे से शुरू हुए इस सामूहिक योगाभ्यास ने पूरे कैंपस को ऊर्जा और अनुशासन से भर दिया । कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा, एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट (डॉ) बलजिंदर सिंह, प्रो आनंद और अन्य प्राध्यापकों ने की । 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 का विषय ‘स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग’ रहा जिस पर सभी प्रतिभागियों का विशेष ध्यान केन्द्रित रहा । इस वर्ष का विषय जीवन के हर पड़ाव पर शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक सेहत को बढ़ावा देने पर केंद्रित था । आयुष मंत्रालय और कई स्वास्थ्य संगठनों ने भी इस बात पर ज़ोर दिया है कि नियमित योग अभ्यास से लचीलापन, ताकत, मानसिक स्पष्टता और उम्र बढ़ने के साथ सेहतमंद बने रहने में मदद मिलती है । सभी प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, शलभासन, पवनमुक्तासन, पश्चिमोत्तानासन और शवासन जैसे आसन किए । इसके साथ कपालभाति, अनुलोम-विलोम और भ्रामरी प्राणायाम भी कराए गए । सबसे आकर्षक रहा ‘सूर्य नमस्कार’ जिसमें बार-बार सूर्य नमस्कार कर प्रतिभागियों ने अपने स्टैमिना और अनुशासन का परिचय दिया । योग सत्र के अंत में सभी प्रतिभागियों ने ‘फिट इंडिया’ का संकल्प लिया और उन्होंने शपथ ली कि वे रोज 30 मिनट शारीरिक गतिविधि करेंगे एवं जंक फूड से बचेंगे और अपने परिवार-पड़ोस को भी योग के लिए प्रेरित करेंगे । विदित रहे कि एसडी पीजी कॉलेज पानीपत विगत कई वर्षों से विश्व योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम करता आ रहा है और इसमें प्रतिभागियों की संख्या साल दर साल बढ़ रही है ।
डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि ‘स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग’ एक वैश्विक संदेश है, जिसने लोगों को सक्रिय और बीमारियों से मुक्त रहने के लिए हल्की-फुल्की गतिविधियों और सजगता को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया है । उन्होनें कहा कि एनसीसी कैडेट्स और खिलाड़ी देश का भविष्य हैं । योग उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है । आज के कैडेट कल के सैनिक हैं । यदि सैनिक तन-मन से स्वस्थ होगा तो ही देश की सीमाएं सुरक्षित रहेंगी । एनसीसी और योग का रिश्ता बहुत पुराना है । यही कारण है कि हर साल 21 जून को सभी एनसीसी यूनिट्स में योग दिवस बड़े पैमाने पर मनाया जाता है । एसडी पीजी कॉलेज सिर्फ पढ़ाई के लिए नहीं, संस्कार और चरित्र निर्माण के लिए भी जाना जाता है । योग हमारी पांच हज़ार साल पुरानी विरासत है । आज पूरी दुनिया इसे अपना रही है । हमें गर्व है कि हमारे एनसीसी कैडेट्स और विद्यार्थी इस विरासत को आगे बढ़ा कर अपने कर्तव्य बोध का परिचय दे रहे है । प्रतिभागियों की आज की सामूहिक ऊर्जा बता रही थी कि जब अनुशासन और योग का संगम होता है तो असंभव भी संभव हो जाता है । पानीपत की इस धरती से निकली ये युवा शक्ति अब फिटनेस और देशभक्ति दोनों का प्रतीक बन चुकी है ।
एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट (डॉ) बलजिंदर सिंह ने बताया कि पिछले 15 दिन से कैडेट्स सुबह 5 बजे कॉलेज पहुंचकर योग का अभ्यास कर रहे थे । आज इन कैडेट्स ने बिना किसी त्रुटी के के पूरा सेशन सफलता के साथ पूर्ण किया और यह हम सभी के लिए गर्व की बात है । उन्होनें कहा कि एनसीसी की ट्रेनिंग में योग अब एक दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है । योग से कैडेट्स का ध्यान, सहनशक्ति और तनाव प्रबंधन बहुत बेहतर होता है । एसएसबी इंटरव्यू में भी योग से मिली मानसिक शांति कैडेट्स के खूब काम आती है । हर युवा को चाहिए की वह कम से कम 30 मिनट प्रतिदिन योग अवश्य करे और इसके लाभ भरपूर तरीके से उठाये ।

Comments