Monday, July 13, 2026
Newspaper and Magzine


10 क्विंटल 33 किलो 970 ग्राम डोडा चूरा पोस्त से भरा कैंटर पकड़ा, एक नशा तस्कर गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at July 13, 2026 Tags: , , , , ,

-मध्य प्रदेश से डोडा चूरा पोस्त की खेप लेकर पंजाब जा रहा था आरोपी, बरामद मादक पदार्थ की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक

BOL PANIPAT , 13 जुलाई : प्रदेश सरकार द्वारा नशे के खिलाफ चलाई जा रही जीरो टॉलेरेंस नीति पर काम करते हुए पुलिस महानिदेशक (DGP) अजय सिंघल भा. पु. से., के मार्गदर्शन में और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के कुशल नेतृत्व में पानीपत पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए समालखा क्षेत्र में जीटी रोड सर्विस लेन पर नाकाबंदी कर डोडा चुरा पोस्त से भरा एक कैंटर पकड़ा। पुलिस ने मौके पर नशा तस्कर को भी गिरफ्तार किया। कैंटर से 10 क्विंटल 33 किलो 970 ग्राम डोडा चूरापोस्त बरामद हुआ है। नशा तस्कर मध्य प्रदेश से उक्त चूरा डोडा पोस्त की खेप लेकर पंजाब जा रहा था। बरामद डोडा चुरा पोस्त की अनुमानित कीमत 20 लाख रूपए से अधिक बताई जा रही है।

उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकेश कुमार ने सोमवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में प्रेसवार्ता में प्रकरण की जानकारी देते हुए बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष की टीम को रविवार देर रात गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि एक सफेद बॉडी पंजाब नंबर कैंटर में भारी मात्रा में मादक पदार्थ लोढ़ है। कैंटर दिल्ली की तरफ से आ रहा है, जो पंजाब जाएगा। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने भोड़वाल माजरी के नजदीक जीटी रोड सर्विस लेन पर नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ देर बाद दिल्ली की तरफ से एक पंजाब नंबर सफेद बॉडी का कैंटर आते हुए दिखाई दिया। जिसकी बॉडी पर तिरपाल लगा हुआ था। पुलिस टीम ने इशारा कर कैंटर को नाका पर रूकवाया। ड्राइवर सीट पर बैठे युवक से पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान नीतिश कौशल पुत्र राकेश निवासी गांव मलकोवाल होशियारपुर पंजाब के रूप में बताई। कार्रवाई की सूचना मिलने पर उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकेश कुमार भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस टीम ने कैंटर बॉडी पर लगे तिरपाल को हटवाकर तलाशी ली तो गत्ता पेटी के नीचे प्लास्टिक कट्टों में भारी मात्रा में डोडा चुरा पोस्त मिला। प्लास्टिक कट्टों को कैंटर से नीचे उतारकर गिनती करने पर 51 कट्टे मिले। कट्टो से बरामद डोडा चुरा पोस्त का वजन करने पर 10 क्विंटल 33 किलो 970 ग्राम पाया गया।

उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकेश कुमार ने बताया की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह मध्य प्रदेश से कैंटर में डोडा पोस्त लेकर पंजाब जा रहा था। वह कैंटर पर चालक के रूप में नौकरी करता है। पुलिस ने कैंटर व डोडा चुरापोस्त व अन्य सामान को कब्जा पुलिस में लेकर थाना समालखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर आरोपी नीतिश कौशल को सोमवार को माननीय न्यायालय में पेश किया एनडीपीएस के आरोपी नीतिश को 9 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ नशा तस्करी के नेटवर्क में जुड़े तस्करों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।

पुलिस की पकड़ से बचने के लिए आरोपी ने कैंटर की बॉडी में सबसे नीचे डोडा चुरा पोस्त से भरे 51 प्लास्टिक कटटें रखे थे। इनके ऊपर कंडीशनर की 601 पेटियां लोढ कर दी थी, ताकि मादक पदार्थ पूरी तरह छिपा रहे और किसी को उस पर संदेह न हो। इसके बाद पूरी बॉडी को तिरपाल से ढक दिया।

Comments


Leave a Reply