कांवड़ियो को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक : उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ठ
कांवड़ यात्रा को लेकर हरियाणा-उत्तर प्रदेश प्रशासन अलर्ट, शांतिपूर्ण आयोजन के लिए बनाई संयुक्त रणनीति
हर गतिविधि पर रहेगी प्रशासन की पैनी नजर, कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र कुमार
पानीपत-शामली प्रशासन ने समन्वय के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने के दिए निर्देश
मकांवड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
BOL PANIPAT , 15 जुलाई। श्रावण कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार शाम कैंप कार्यालय में पानीपत एवं शामली प्रशासन की महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, यातायात संचालन, कांवड़ शिविरों की व्यवस्था तथा दोनों राज्यों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने की। इस दौरान शामली के जिलाधिकारी आलोक कुमार, पानीपत के पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह तथा शामली के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप भी उपस्थित रहे।
बैठक में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि श्रावण कांवड़ यात्रा करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा महापर्व है। जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक कांवड़िये को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पहले से पूरी तैयारी रखें।
उन्होंने कहा कि “कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रत्येक व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग होगी और जहां आवश्यकता होगी वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा, “कांवड़ यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना हमारी प्राथमिकता है। असामाजिक तत्वों, हुड़दंग करने वालों और कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ तत्काल एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करेगी।”
बैठक में शामली के जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि हरियाणा और उत्तर प्रदेश प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय कांवड़ यात्रा की सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने कहा कि दोनों जिलों के अधिकारी लगातार संपर्क में रहेंगे और किसी भी स्थिति में सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को निर्बाध एवं सुरक्षित यात्रा का वातावरण मिल सके।
शामली के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान दोनों राज्यों की पुलिस संयुक्त रूप से कार्य करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और कानून व्यवस्था को लेकर बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी तथा प्रत्येक गतिविधि पर संयुक्त निगरानी रखी जाएगी, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते रोका जा सके।
बैठक में श्रावण कांवड़ मेले के दौरान वाहनों पर अधिक ध्वनि वाले डीजे लगाने
पर चर्चा की व नियम अनुसार संचालन करने की निर्देश दिए गए।
इसके अलावा कांवड़ यात्रियों द्वारा हथियार नुमा सामान के प्रयोग पर भी रोक रहेगी।
बैठक में व विभिन्न रूटों से गुजरने वाली कांवड़ यात्रा पर चर्चा हुई व स्वच्छता बनाए रखने को लेकर निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त सनौली रोड, उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले मार्ग तथा सनौली रोड, बिहौली रोड (समालखा), असंध रोड तथा गोहाना रोड पर निर्धारित लेन में तथा नियंत्रित गति से वाहन चलाना अनिवार्य होगा, ताकि यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे, एसडीएम पानीपत मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप, नगराधीश टीनू पोसवाल, डीआईपीआरओ डॉ सुनील बसताडा, डीएसपी सुरेश सैनी सहित पानीपत एवं शामली प्रशासन के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कांवड़ यात्रा की प्रत्येक व्यवस्था को समय रहते अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए।

Comments