कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन के लिए पानीपत पुलिस पूरी तरह अलर्ट
कांवड़ियों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा मार्ग उपलब्ध कराना तथा उनकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : एसपी भूपेंद्र सिंह आईपीएस
BOL PANIPAT , 29 जुलाई : कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर पानीपत पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु हरिद्वार (उत्तराखंड) से कांवड़ लेकर अपने गंतव्य की तरफ प्रस्थान करेंगे। पानीपत यूपी बार्डर से सटा हुआ है। हरियाणा के विभिन्न जिलों के अतिरिक्त राजस्थान के लाखों कांवड़िएं पानीपत के रास्ते अपने गंतव्य पर पहुंचते हैं। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक एवं पुख्ता इंतजाम किए हैं।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कांवड़ यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन के लिए एएसपी हर्षित गोयल आईपीएस को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। और सभी पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा शुरू होने से पूर्व सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। 30 जुलाई से कांवड़ यात्रा की समाप्ति तक पुलिस कर्मियों की छुट्टियों पर प्रतिबंध रहेगा, ताकि पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध रह सके और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे। यात्रा मार्ग, प्रमुख नाकों एवं कांवड़ शिविर स्थलों पर अधिकारियों की निगरानी में चौबीसों घंटे पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाएगी। कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए यात्रा मार्ग पर सैंडबैग एवं रस्सों के माध्यम से अलग लेन बनाई जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को निर्बाध एवं सुरक्षित मार्ग उपलब्ध हो सके। कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित मांस की दुकानें नियमानुसार बंद रहेंगी।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रबंधकों एवं चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कांवड़ सेवा समितियों एवं आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर उन्हें प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दें। सभी कांवड़िए एवं आयोजक अपने साथ पहचान पत्र अवश्य रखें। कांवड़ सेवा शिविर केवल प्रशासन की अनुमति प्राप्त करने के बाद ही लगाए जाएं तथा निर्धारित सभी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। निर्देशानुसार शिविरों के पंडाल मुख्य सड़क से कम से कम 50 फीट अंदर लगाए। पार्किंग की व्यवस्था भी सड़क से दूर की जाए तथा शिविर में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए, महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था की जाए। कांवड़ यात्रा के दौरान लाठी, डंडे, त्रिशूल, भाले अथवा अन्य नुकीले हथियार लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही ध्वनि प्रदूषण के संबंध में माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
सनौली रोड, चांदनी बाग (चोटाला) रोड, गोहाना रोड, असंध रोड सहित जिले के सभी कांवड़ यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रमुख चौक-चौराहों पर बैरिकेडिंग की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। विशेष रूप से कांवड़ यात्रा के चरम के दौरान सनौली रोड पर यातायात का आवश्यकतानुसार डायवर्जन किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं एवं आमजन दोनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ियों को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध यात्रा मार्ग उपलब्ध कराना तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पानीपत पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।
इसी के साथ कांवड़ यात्रा के दौरान शरारती एवं असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। वर्दी के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। पानीपत पुलिस का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को पूर्णतः शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है, ताकि सभी श्रद्धालु बिना किसी बाधा के अपनी धार्मिक यात्रा पूर्ण कर सकें।

Comments