जनता की हर शिकायत का होगा समाधान, लापरवाही पर होगी सख्त जवाबदेही: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
जनता समाधान शिविर बना भरोसे का मंच, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के कड़े निर्देश
शिकायतों का त्वरित निस्तारण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, आमजन को मिलेगा न्याय
जनहित के मामलों में नहीं चलेगी ढिलाई, हर विभाग जवाबदेह और हर शिकायत पर होगी कार्रवाई
BOL PANIPAT , 30 जुलाई। हरियाणा सरकार के महत्वाकांक्षी जनता समाधान शिविर का आयोजन वीरवार को जिला सचिवालय सभागार में किया गया। शिविर की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने की। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 13 शिकायतें प्राप्त हुईं। उपायुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा कहा कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान होना चाहिए।
शिविर के दौरान पुलिस विभाग से संबंधित 7, अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय से 2, नगर निगम, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम तथा लीड बैंक मैनेजर कार्यालय से 1-1 शिकायत प्राप्त हुई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और संबंधित अधिकारी स्वयं निगरानी करते हुए निर्धारित समय सीमा में उसका निस्तारण करें।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा, जनता समाधान शिविर केवल शिकायत दर्ज करने का मंच नहीं, बल्कि आमजन के विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है। सरकार की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक को बिना किसी अनावश्यक देरी के न्याय और राहत मिले। अधिकारियों की जवाबदेही तय है और जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या टालमटोल बिल्कुल स्वीकार नहीं की जाएगी। हर शिकायत का समाधान पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाएगा।
एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा, जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। प्रत्येक विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि शिकायतों का केवल औपचारिक निपटारा नहीं बल्कि स्थायी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक को सरकारी व्यवस्था पर पूरा विश्वास महसूस हो और किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
डीएसपी देवेंद्र छीलर ने कहा, पुलिस विभाग से संबंधित प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष, पारदर्शी और गंभीरता से जांच की जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखना और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी नागरिक के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस जनता की सुरक्षा, विश्वास और न्याय के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इस अवसर पर डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएचओ संदीप, डिप्टी सीएमओ डॉ. दिव्या साहनी, कार्यकारी अभियंता करण बहल, डीईओ राकेश बूरा, सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन सुरेंद्र जोगी, पुलिस कंप्लेंट अधिकारी सुरेश सरोहा, संजीव शर्मा, जोगिंदर, रमेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।

Comments