Friday, August 14, 2026
Newspaper and Magzine


विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at August 14, 2026 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT : आई.बी. (पीजी) कॉलेज, पानीपत में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं राष्ट्रीय कैडेट कॉर्प्स (NCC) द्वारा किया गया। इस व्याख्यान के मुख्य वक्ता रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल सतीश कुमार ओबेरॉय रहे ।

कार्यक्रम का उद्देश्य वर्ष 1947 में भारत विभाजन के दौरान विस्थापन, हिंसा और अपनों को खोने वाले लाखों लोगों की पीड़ा को स्मरण करना तथा युवा पीढ़ी को इतिहास की इस त्रासदी से अवगत कराना रहा। व्याख्यान में विभाजन के मानवीय एवं सामाजिक प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को शांति, सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के आरंभ में मुख्य अतिथि का तुलसी का पोधा भेंट कर स्वागत किया गया । कॉलेज प्राचार्य डॉ सतवीर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विभाजन की त्रासदी को याद करना केवल अतीत को स्मरण करना नहीं, बल्कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों को मानवता, एकता और सामाजिक सौहार्द का महत्व समझाना भी है।

अपने विशेष व्याख्यान में मुख्य वक्ता रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल सतीश कुमार ओबेरॉय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि, “विभाजन केवल नक्शे पर खींची गई एक लकीर नहीं थी, बल्कि यह लाखों परिवारों के उजड़ने, उनके सपनों के टूटने और अकल्पनीय संघर्ष की एक बेहद दर्दनाक कहानी है।” उन्होंने इतिहास के पन्नों को पलटते हुए देश के विभाजन में मुस्लिम लीग की भूमिका पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कैसे मुस्लिम लीग की अलगाववादी नीतियों और द्विराष्ट्र सिद्धांत ने इस भीषण त्रासदी की नींव रखी थी। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “आज की युवा पीढ़ी को इस विभीषिका से यह सबक लेना चाहिए कि धर्म, जाति या संप्रदाय के नाम पर नफरत का कोई स्थान हमारे समाज में नहीं होना चाहिए। देश की अखंडता, संप्रभुता और आपसी भाईचारे की रक्षा करना अब आप युवाओं का सर्वोच्च कर्तव्य है।”

एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी खुशबू ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें याद दिलाता है कि मानवता और भाईचारे से बढ़कर कोई मूल्य नहीं है।

एन.सी.सी. के संयोजक लेफ्टिनेंट डॉ. नरवीर ने सभी विद्यार्थियों को अतीत की पीड़ा को याद कर वर्तमान में एकता और भविष्य में सौहार्दपूर्ण समाज के निर्माण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले तथा विस्थापन का दंश झेलने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि का धन्यवाद स्मृति चिह्न भेंट कर किया गया । इस कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ नीतू और सहायक प्राध्यापक कुलदीप ने अहम भूमिका निभाई ।

Comments


Leave a Reply