नशा तस्कर 1 किलो 50 ग्राम डोडा चूरापोस्त सहित गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 21 अगस्त: एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने गांव सुताना अड्डे पर नाकाबंदी कर एक युवक को 1 किलो 50 ग्राम डोडा चूरापोस्त सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान गांव सुताना निवासी नरेश के रूप में हुई है।
एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि बुधवार रात को उनकी एक टीम गश्त के दौरान सौंदापुर,जाटल चौक पर थी। तभी टीम को गुप्त सूचना मिली कि गांव सुताना निवासी नरेश प्लास्टिक पन्नी में मादक पदार्थ लेकर बेचने के लिए घर से गांव के अड्डे की तरफ आएगा। सूचना को पुख्ता मानकर पुलिस टीम ने गांव सुताना अड्डे पर नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ देर पश्चात एक युवक गांव की ओर से हाथ में प्लास्टिक पन्नी पकड़े हुए आता दिखाई दिया। युवक पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़कर तेज कदमों से चलने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए युवक को मौके पर ही काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान नरेश पुत्र हवासिंह, निवासी सुताना के रूप में बताई। पुलिस टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ ध्रुव गोस्वामी की मौजूदगी में युवक की प्लास्टिक पन्नी की तलाशी ली तो उसमें डोडा चूरापोस्त बरामद हुआ। बरामद डोडा चूरापोस्त का वजन करने पर 1 किलो 50 ग्राम पाया गया।
इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना पुराना औद्योगिक में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर वीरवार को आरोपी नरेश को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर नशा सप्लायर के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।

Comments