कृषि यंत्रों के भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया होगी पारदर्शी, निर्धारित तिथियों पर पहुंचे किसान: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
एसएमएएम योजना के तहत कृषि यंत्रों का होगा भौतिक सत्यापन
1 से 3 सितंबर तक चलेगी प्रक्रिया, अनुदान का लाभ लेने वाले किसानों के कृषि यंत्रों की होगी जांच
विभाग ने तय किया कार्यक्रम
कृषि यंत्रों के सत्यापन में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, पात्र किसान निर्धारित समय पर पहुंचें
BOL PANIPAT , 31 अगस्त। एसएमएएम योजना के तहत व्यक्तिगत श्रेणी में कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ लेने वाले किसानों के कृषि यंत्रों का भौतिक सत्यापन 1 सितंबर से 3 सितंबर तक किया जाएगा। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से इसके लिए खंडवार कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि कृषि यंत्रों पर सरकारी अनुदान देने का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोडऩा, खेती की लागत कम करना और कृषि कार्य को अधिक सुविधाजनक बनाना है। इसलिए यह सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है कि योजना का लाभ वास्तविक और पात्र किसानों तक ही पहुंचे।
उपायुक्त डॉ हरीश ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कृषि यंत्रों के भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जाए। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी पात्र किसान को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और सत्यापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उपायुक्त डॉ हरीश ने कहा कि सत्यापन के दौरान कृषि यंत्रों की वास्तविक उपलब्धता तथा संबंधित अभिलेखों का उचित मिलान किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को सत्यापन के संबंध में आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।
कृषि एवं किसान कल्याण उप निदेशक डॉक्टर बलवंत सहारण ने बताया कि 1 सितंबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक पानीपत क्षेत्र के कृषि यंत्रों का भौतिक सत्यापन सहायक कृषि अभियंता कार्यालय, नई अनाज मंडी में किया जाएगा। वहीं 2 सितंबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक इसराना तथा मडलौडा के लेजर लैंड लेवलर का भौतिक सत्यापन बलाना अनाज मंडी, इसराना में किया जाएगा।
इसी कड़ी में 3 सितंबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक पानीपत, समालखा और बापोली के लेजर लैंड लेवलर तथा निर्धारित कृषि यंत्रों का सत्यापन सहायक कृषि अभियंता कार्यालय, नई अनाज मंडी, पानीपत में किया जाएगा। इसी दिन इसराना और मडलौडा के रोटावेटर का सत्यापन क्रमश: बलाना अनाज मंडी, इसराना तथा मडलौडा अनाज मंडी में किया जाएगा।
उपायुक्त डॉ. वशिष्ठ ने किसानों से अपील की कि वे अपने कृषि यंत्रों को निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर अवश्य लेकर पहुंचें, ताकि भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी की जा सके। उन्होंने कहा कि कृषि यंत्रों पर मिलने वाला अनुदान किसानों के लिए महत्वपूर्ण सहायता है और प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि इसका लाभ पात्र किसानों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे।
जिला स्तरीय कार्यकारी कमेटी के सदस्यों तथा संबंधित अधिकारियों को भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिनिधियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग द्वारा निर्धारित यह प्रक्रिया कृषि यंत्रों पर अनुदान वितरण को पारदर्शी, निष्पक्ष और नियम बद्ध बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Comments