Tuesday, September 1, 2026
Newspaper and Magzine


अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा करें: एसपी भूपेंद्र सिंह

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 1, 2026 Tags: , , , , ,

थाना-चौकी में शिकायतकर्ताओं से शालीन व्यवहार, महिलाओं से जुड़े मामलों में तय समय में कार्रवाई के निर्देश; आदतन अपराधियों पर बढ़ाएं निगरानी, पीओ व बेल जंपरों को काबू करें

BOL PANIPAT , 01 सितंबर: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने मंगलवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में पर्यवेक्षण अधिकारियों, थाना प्रबंधकों, क्राइम यूनिट प्रभारियों और चौकी इंचार्जों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले की कानून एवं व्यवस्था, अपराध की स्थिति तथा दर्ज मुकदमों में की जा रही कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। एसपी ने अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने, लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा करने और थानों-चौकियों की कार्यप्रणाली में सुधार को लेकर अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में डीएसपी मुख्यालय विकास कुमार, डीएसपी सुरेश कुमार सैनी, डीएसपी नवीन संधू, डीएसपी नरेंद्र कादियान, डीएसपी मुकेश कुमार, डीएसपी प्रणय कुमार तथा सभी थाना प्रबंधक, क्राइम युनिट प्रभारी और चौकी इंचार्ज मौजूद रहें।

महिलाओं से जुड़े मामलों की स्वयं निगरानी करें थाना प्रभारी

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की जांच और निपटारा निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित किया जाए। थाना प्रबंधक ऐसे मामलों की स्वयं निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि पीड़ित को समय पर उचित न्याय मिले। किसी भी मुकदमे की जांच बिना ठोस कारण लंबे समय तक लंबित न रखी जाए। निष्पक्ष और पारदर्शी जांच करते हुए निर्धारित समय में कार्रवाई पूरी कर चालान न्यायालय में पेश किया जाए। जांच में पारदर्शिता और निष्पक्षता पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।

हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, शिकायतकर्ता से शालीन व्यवहार

उन्होंने कहा कि थाना और चौकी में शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को ध्यानपूर्वक सुना जाए और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए। शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। किसी भी शिकायतकर्ता से अभद्र व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिकायत पर पुलिस की कार्रवाई और व्यवहार को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की टीम द्वारा शिकायतकर्ताओं से फोन पर संपर्क कर फीडबैक भी लिया जा रहा है। ऑनलाइन, ऑफलाइन अथवा उच्च अधिकारियों के माध्यम से प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिकायत चाहे ऑनलाइन प्राप्त हुई हो, ऑफलाइन दी गई हो अथवा उच्च अधिकारियों के कार्यालय के माध्यम से भेजी गई हो, प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

आदतन अपराधियों पर नजर, पीओ व बेल जंपरों की गिरफ्तारी में तेजी

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने थाना प्रबंधकों और चौकी इंचार्जों को निर्देश दिए कि अपने क्षेत्र के आदतन व सक्रिय अपराधियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखें। उद्घोषित अपराधियों (पीओ), बेल जंपरों और मुकदमों में बकाया आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाकर तेजी लाई जाए। किसी भी आपराधिक वारदात की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अथवा चौकी इंचार्ज तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

रात की गश्त और नाकाबंदी को बनाएं प्रभावी

उन्होंने रात के समय गश्त और नाकाबंदी को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन जांच करने के साथ अपराध संभावित स्थानों व संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी धरातल पर दिखाई देनी चाहिए, जिससे अपराधियों में पुलिस का भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रहे।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि माननीय न्यायालयों द्वारा जारी सम्मन एवं वारंटों की तामील में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। थाना प्रबंधक और चौकी इंचार्ज स्वयं इसकी नियमित समीक्षा करें तथा लंबित सम्मन एवं वारंटों की तामील के लिए आवश्यक कार्रवाई तेजी से सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और जिले के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित माहौल देना पानीपत पुलिस का सबसे बड़ा लक्ष्य है। सभी अधिकारी अपने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट रूप से बताए और फिल्ड में उरकर प्रभावी व सक्रिय पुलिसिंग का परिचय दे।

Comments


Leave a Reply