जिला परिषद चेयरपर्सन ज्योति शर्मा ने अधिकारियों के साथ की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक, विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
BOL PANIPAT , 10 सितंबर। जिला परिषद चेयरपर्सन ज्योति शर्मा ने वीरवार को जिला परिषद कार्यालय में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी गांवों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना तथा संबंधित विभागों के माध्यम से जनहित से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा करवाना रहा। चेयरपर्सन ज्योति शर्मा ने अधिकारियों से उनके विभाग से संबंधित योजनाओं, विकास कार्यों और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ज्योति शर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास जिला परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। गांवों में केवल सडक़, गली और नाली जैसे बुनियादी विकास कार्य ही नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल, कृषि, महिला एवं बाल विकास तथा अन्य जनकल्याणकारी सुविधाओं को मजबूत करना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक गांव की आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी विकास कार्य में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली समस्याओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा रखी गई मांगों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में गांवों के स्कूलों में आवश्यक सुविधाओं, विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तथा आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर चर्चा हुई। वहीं कृषि विभाग से किसानों से संबंधित योजनाओं और कृषि क्षेत्र में उपलब्ध सरकारी सुविधाओं की जानकारी ली गई। आंगनवाड़ी विभाग के अधिकारियों के साथ महिला एवं बच्चों से जुड़ी योजनाओं, आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थिति तथा पोषण एवं अन्य सुविधाओं पर चर्चा की गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने को लेकर जानकारी ली गई। इसी प्रकार पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों के साथ गांवों में स्वच्छ पेयजल, पानी की सप्लाई तथा संबंधित आधारभूत सुविधाओं को लेकर समीक्षा की गई।
चेयरपर्सन ज्योति शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। ज्योति शर्मा ने कहा कि हरियाणा के लोकप्रिय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा करनाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास को नई गति मिली है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रदेश के प्रत्येक गांव तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि पानीपत जिले में भी सरकार की विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए जिला परिषद पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रही है। गांवों का विकास, ग्रामीणों की सुविधाओं में विस्तार और जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला परिषद की प्राथमिकता है।
चेयरपर्सन ज्योति शर्मा ने कहा कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल से ही विकास कार्यों को गति दी जा सकती है। आने वाले समय में भी इसी प्रकार विभागवार समीक्षा बैठकों के माध्यम से विकास कार्यों की निगरानी की जाएगी, ताकि पानीपत जिले के प्रत्येक गांव में विकास की रफ्तार को और तेज किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग जवाबदेही, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करें तथा आमजन की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। बैठक में शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग (आंगनवाड़ी), स्वास्थ्य विभाग तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पब्लिक हेल्थ) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments