Thursday, September 10, 2026
Newspaper and Magzine


36.5 ग्राम हेरोइन सहित दो नशा तस्कर गिरफ्तार, निशानदेही पर सप्लायर को भी काबू किया

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 10, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 10 सितंबर : पानीपत पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल टीम ने बुधवार रात समालखा की सीताराम कॉलोनी से दो नशा तस्करों को 36.5 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हेरोइन सप्लाई करने वाले आरोपी को भी काबू किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समालखा की सीताराम कॉलोनी निवासी निपुण उर्फ मोनू व हथवाला रोड निवासी रविंद्र उर्फ घोड़ा तथा सप्लायर की पहचान सोनीपत के गांव गढ़ी केसरी निवासी उदित के रूप में हुई है।

एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि उनकी टीम बुधवार शाम को गश्त के दौरान समालखा में पुराने बस अड्डे के पास मौजूद थी। तभी टीम को गुप्त सूचना मिली कि दो युवक मादक पदार्थ लेकर उसे बेचने के लिए सीताराम कॉलोनी की गली नंबर 5 के कोने पर खड़े हैं। सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां खड़े दोनों युवक पुलिस टीम को देखकर कॉलोनी की तरफ भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कुछ कदमों पर ही दोनों युवकों को काबू किया।
पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान निपुण उर्फ मोनू पुत्र इंद्रपाल निवासी सीताराम कॉलोनी तथा रविंद्र उर्फ घोड़ा पुत्र नरेश निवासी हथवाला रोड, समालखा के रूप में बताई।
पुलिस टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार बापौली जोगिंद्र धनखड़ की मौजूदगी में नियमानुसार दोनों युवकों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी निपुण उर्फ मोनू की कैपरी की जेब से पॉलीथिन में पैक हेरोइन बरामद हुई। बरामद हेरोइन का वजन करने पर 36.5 ग्राम पाया गया।

इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया वे दोनों दोस्त हैं और नशा करने के आदी हैं। दोनों आरोपियों ने अपनी नशे की लत पूरी करने तथा शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए 3/4 दिन पहले सोनीपत के गांव गढ़ी केसरी निवासी उदित से कम कीमत पर 45 ग्राम हेरोइन खरीदनी स्वीकार की। आरोपियों ने पूछताछ में बताया इसमें से कुछ हेरोइन उन्होंने अज्ञात नशा करने वालों को बेच दी थी। बची हुई हेरोइन को बेचने के लिए दोनों आरोपी बुधवार को गली के कोने पर ग्राहक की तलाश में घूम रहे थे।
आरोपियों ने पूछताछ में यह भी बताया कि वे दोनों पहले भी उदित से 10 ग्राम हेरोइन खरीदकर लाए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर आरोपी नशा सप्लायर उदित को देर रात समालखा के नए बस अड्डे के पास से गिरफ्तार किया।

इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि आरोपी उदित ने निपुण और रविंद्र को हेरोइन बेचने की बात स्वीकार की। थाना समालखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने वीरवार को तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी निपुण उर्फ मोनू व रविंद्र उर्फ घोड़ा को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया और आरोपी नशा सप्लायर उदित को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी उदित से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही नशा तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों और सप्लायरों के ठिकानों का पता लगाकर उन्हें काबू करने का प्रयास करेगी।

Comments


Leave a Reply