Wednesday, September 16, 2026
Newspaper and Magzine


नई सब्जी मंडी में एचआईवी और एड्स के प्रति जागरूकता अभियान आयोजित

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at September 15, 2026 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT , 15 सितम्बर 2026। स्वास्थ्य विभाग पानीपत एवं हरियाणा स्टेट एड्स कंट्रोल सोसायटी के मार्गदर्शन में मंगलवार को नई सब्जी मंडी, पानीपत में एचआईवी और एड्स के प्रति जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य मंडी में कार्यरत आढ़तियों, मजदूरों, दुकानदारों, वाहन चालकों एवं आमजन को एचआईवी और एड्स के संक्रमण, बचाव एवं उपचार के संबंध में सही एवं वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध करवाना था।

अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक, लोक नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों तथा एचआईवी से संबंधित भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया गया। कलाकारों द्वारा विशेष रूप से यह संदेश दिया गया कि एचआईवी छूने, साथ बैठने, हाथ मिलाने, साथ खाना खाने अथवा सामान्य सामाजिक संपर्क से नहीं फैलता।

लोगों को बताया गया कि एचआईवी से बचाव के लिए सुरक्षित व्यवहार अपनाना, संक्रमित रक्त से बचाव, सुरक्षित इंजेक्शन का उपयोग तथा आवश्यकता होने पर एचआईवी  की जांच करवाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। साथ ही एचआईवी संक्रमित व्यक्ति के साथ भेदभाव न करने और उसे सम्मानपूर्वक सामाजिक एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने की अपील की गई।

अभियान के दौरान उपस्थित लोगों को एचआईवी जांच, परामर्श एवं उपचार सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी गई तथा लोगों को एचआईवी से संबंधित किसी भी प्रकार की शंका होने पर नजदीकी आईसीटीसी/एआरटी सेंटर अथवा स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग/एड्स नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सहयोगी संस्थाओं तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों/मंडी पदाधिकारियों की सहभागिता रही। बड़ी संख्या में मंडी में उपस्थित लोगों ने जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया और एचआईवी और एड्स से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की कि एचआईवी और एड्स के प्रति जागरूक रहें, सही जानकारी अपनाएं, एचआईवी से बचाव के उपायों का पालन करें तथा एचआईवी संक्रमित व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव न करें।
जागरूकता ही बचाव है — एचआईवी के प्रति सही जानकारी अपनाएं, भेदभाव नहीं।

Comments


Leave a Reply